राजनांदगांव
गांव चलो अभियान को लेकर भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक आयोजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी। लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों के सिलसिले में भाजपा का महत्वपूर्ण चुनावी अभियान गांव चलो को लेकर भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक शनिवार को भाजपा कार्यालय में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, वरिष्ठ नेता सचिन सिंह बघेल, शिव वर्मा व मंडल अध्यक्ष रोहित चन्द्राकर की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक में गांव चलो अभियान के लिए बूथ स्तर पर जाने वाले कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई तथा उन्हें बूथ में एक दिन रूककर किए जाने वाले कार्यों के बिन्दु को लेकर बताया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बूथों पर जाने वाले कार्यकर्ता बूथ समिति की बैठक लेंगे। जिसमें पन्ना प्रमुखों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुखों के कार्यों का निर्धारण करना, नए मतदाता बनाना, व्हाट्सअप ग्रुप का निरीक्षण करना, यदि व्हाट्सअप ग्रुप नहीं बना तो ग्रुप बनानाए मतदाता सूची का निरीक्षण, नमो एप, सरल एप डाऊनलोड कराना सहित विकसित भारत के ब्रांड एंबेसडर बनाने कार्यों सहित अन्य कार्यों का बारिकी से अध्यन्न कराया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते भाजपा नेता सचिन सिंह बघेल ने कहा कि 2024 का आम चुनाव देश व भाजपा के लिए अत्यंत महत्व है। भारत दुनिया में तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। सन् 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाकर खड़ा करना है, ये सारे कार्य तभी संभव होंगे, जब आसन्न लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार फिर से प्रतिष्ठित होगी।
गांव चलो अभियान इसी तारतम्य में पार्टी संगठन द्वारा आयोजित है, इसे कार्यकर्ताओं को पूरी शक्ति लगाकर सफल बनाना होगा, तभी हम राष्ट्र विकास की ओर अग्रसर हो सकेंगे। उन्होंने कार्यशाला में गांव चलो को लेकर मतदान केन्द्रों में किए जाने वाले 27 बिन्दुओं को परिभाषित करते कहा कि प्रत्येक कार्य जमीन पर पार्टी की जड़ जमाने का कार्य है। बैठक में मनोज साहू, मनहरण साहू, कृष्णकुमार दास, बलराम निर्मलकर, देवकुमारी साहू, पुष्पा उईके, आनंद साहू, परदेशीराम साहू, सहित मंडल पदाधिकारी, प्रत्येक बूथों में गांव चलो अभियान को लेकर जाने वाले प्रवासी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


