राजनांदगांव

महामंत्री बने भरत और रामजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 फरवरी। प्रदेश भाजपा में राजनांदगांव जिले से दो नेताओं को महामंत्री के ओहदे से नवाजा गया है।
प्रदेश भाजपा पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष भरत वर्मा के अलावा रामजी भारती को महामंत्री जैसा महत्वपूर्ण पद दिया गया है। शुक्रवार देर शाम को प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सांगठनिक दृष्टिकोण से नियुक्ति की सूची में चार महामंत्री बनाए जाने की घोषणा की, जिसमें संजय श्रीवास्तव और जगदीश रोहरा के साथ भरत वर्मा और रामजी भारती को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।
यह पहला मौका है जब एक ही जिले से दो नेताओं को महामंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा में अध्यक्ष के बाद महामंत्री का पद काफी पावरफुल माना जाता है। बीते साल के विधानसभा चुनाव में भरत वर्मा डोंगरगांव विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी रहते बेहद कम अंतर से पराजित हो गए थे। बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए थे। संगठन ने उनके कामकाज को काफी सराहा। नतीजतन उन्हें महामंत्री बनाकर राजनीतिक तौर पर प्रोत्साहित किया गया। इस बीच डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक रामजी भारती की नियुक्ति भी काफी अहमियत रखती है।
अनुसूचित जाति वर्ग से ताल्लुक रखने वाले रामजी विधानसभा चुनाव में टिकट के प्रबल दावेदार थे। संगठन ने उन्हें एडजस्ट कर आगे बढऩे का मौका दिया है। दोनों नेताओं को महामंत्री बनाए जाने के बाद जिले में नए राजनीतिक समीकरण बनने के आसार दिख रहे हैं। चर्चा है कि सांसद संतोष पांडेय की पसंद पर संगठन ने दोनों को महामंत्री की जिम्मेदारी दी है। लोकसभा चुनाव से पहले यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।