राजनांदगांव

चार माह से नहीं मिली तनख्वाह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को चार माह से वेतन नहीं मिलने पर काम बंद कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि वाद-विवाद और प्रदर्शन के बाद ही उनका तनख्वाह जारी किया जाता है। पिछले चार माह से नियमित और अनियमित सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से कई तरह की समस्या खड़ी हो गई है। इसी के चलते आज कर्मचारियों ने एक दिनी हड़ताल करने का निर्णय लिया।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय नायक ने बताया कि शासन-प्रशासन सफाई कर्मियों को वेतन देने के लिए गंभीर नहीं है। यही कारण है कि हर बार प्रदर्शन करना पड़ता है। उन्होंने मांग करते कहा कि अन्य कर्मचारियों की भांति सफाई कर्मियों को तय समय पर भुगतान होना चाहिए। इधर कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेके में कार्यरत कर्मचारियों का पीएफ की राशि भी जमा नहीं की जा रही है। ठेकेदारों द्वारा इस मामले को लेकर मनमानी की जा रही है। अचानक हड़ताल में जाने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शेष माह का वेतन नहीं जारी होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने की चेतावनी दी है।