राजनांदगांव

राहुल की न्याय यात्रा में बाधा पैदा करने के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाली विरोध रैली
23-Jan-2024 4:05 PM
राहुल की न्याय यात्रा में बाधा पैदा करने के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाली विरोध रैली

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा पर लगाए कांग्रेसियों ने आरोप, कहा यात्रा पर हो रहे पथराव के पीछे भाजपा का हाथ 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जनवरी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के न्याय यात्रा में कथित रूप से बाधा उत्पन्न करने से नाराज स्थानीय कांग्रेसियों ने विरोध स्वरूप मौन रैली निकाली। गांधी के यात्रा को लेकर असम सरकार पर  कांग्रेस द्वारा आरोप लगाया जा रहा है। सरकार पर यात्रा में बाधा उत्पन्न करने के अलावा पत्थरबाजी, बैनर-पोस्टर फाडने और यात्रा को तय रूट पर जाने से रोकने के भी आरोप लगाए। 

राहुल गांधी की यात्रा इन दिनों असम राज्य से गुजर रही है। इस दौरान यात्रा पर हमला करने और रोकटोक करने के आरोप लगे हैं। असम सरकार के रवैये के खिलाफ मंगलवार को स्थानीय कांग्रेसियों ने विरोध जताते मौन रैली निकाली। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस असम सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है। इसी के तहत आज कांग्रेसियों ने स्थानीय जयस्तंभ चौक से मानव मंदिर चौक तक मौन रैली निकाली। इस दौरान हेमा देशमुख, आफताब आलम , मेहूल मारू, अमित चंद्रवंशी,  महेन्द्र यादव, शकील रिजवी, आफताब अहमद, भगवत साहू, सूर्यकांत जैन, अब्दुल कलाम,  महेश साहू, मनीष साहू समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट