राजनांदगांव

राममय हुआ मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिला
23-Jan-2024 3:51 PM
राममय हुआ मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिला

पंचायतों में राम मानस मंडली का हुआ आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जनवरी।
श्रीराम लला प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी राममय से लीन हुआ। जिला मुख्यालय के साथ ही सभी विकासखंड मुख्यालय, ग्राम पंचायतों, सभी छोटे-बड़े मंदिरों में राम नाम की गूंज देखने और सुनने को मिला। युवा, जवान, महिला, पुरुष, बच्चे, बूढ़े हर किसी में खुशी और उत्साह देखने को मिला। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में चारों तरफ खुशियां और भक्ति का वातावरण से खुशनुमा माहौल निर्मित हुआ।

अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मानस गायन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला स्तर पर स्थानीय दशहरा मैदान मोहला में रामायण मानस गायन महोत्सव का आयोजन किया गया। इसके साथ ही तीनों विकासखंडो में विकासखंड स्तरीय मानस गायन महोत्सव का आयोजन किया गया। विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत मेटेपार, मोहला के ग्राम पंचायत ढूटीटोला एवं मानपुर विकासखंड में स्थानीय मानपुर में रामायण मानस गायन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला एवं विकासखंड स्तरीय रामायण मानस गायन महोत्सव में 5-5 मानस मंडली ने राम भक्तिमय सुर संगीत की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित राम भक्तों ने भक्तिमय से लीन होकर सुना। जिला स्तरीय रामायण मानस मंडली कार्यक्रम में कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह सहित अन्य जिला अधिकारियों ने राम भक्ति का रसपान किया।

हजारों साल की प्रतीक्षा हुई खत्म

श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा पर ग्राम पंचायत मचांदूर के 70 वर्षीय कार्तिकराम पुरामे ने कहा कि आज अयोध्या में श्रीराम विराजे हैं। उन्होंने कहा कि हजारों साल का सपना आज साकार हुआ है। अनेक साधु-संतों, ऋषि-मुनियों, राम भक्तों का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि राम भक्ति में डूबने और हमारे आराध्य राम की पूजा करने का शुभ अवसर मिला है। मातृशक्ति सेवा समिति मोहला की अध्यक्ष सावित्री नेताम ने कहा कि जीवन में सबसे बड़ी खुशहाली मनाने का मौका मिला है। राम के आने से जीवन की सारी समस्या और दुखों से मुक्ति मिलेगी। श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने से राममय में लीन होकर श्रीराम के आदर्श को जीवन में उतारने का मौका मिला है।
 


अन्य पोस्ट