राजनांदगांव

नांदगांव में सुबह बारिश, दिनभर छाया रहा कोहरा
21-Jan-2024 3:44 PM
नांदगांव में सुबह बारिश, दिनभर छाया रहा कोहरा

शीतलहर से बढ़ी ठंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जनवरी।
जिले में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। लिहाजा अलसुबह बारिश होने से कंपकपी बढ़ गई। हालांकि दोपहर होते-होते हल्की धूप भी निकल आई, लेकिन ठंड का असर बना रहा। शीतलहर चलने से ठंड एक बार फिर लौट आई है।

बताया जा रहा है कि  देश के उत्तरी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही है। जिसके असर से  जिले में मौसम ने पलटी मारी। बेमौसम बारिश होने से  ठिठुरन बढ़ गई। राजनांदगांव शहर के अलावा कस्बाई क्षेत्रों में भी कोहरा छाया रहा। दिनभर धुंध छाए रहने से दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो गई। जिसके चलते आवाजाही में लोगों को परेशानी हुई। 

बताया जा रहा है कि बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर रहेगा। मौसम साफ होते ही कड़ाके की सर्दी बढऩे की संभावना बढ़ गई है। सर्द मौसम को देखकर लोग घरों से निकलने  से बचते रहे। गर्म कपड़ों के लबादे में हर कोई नजर आया। पिछले दो-तीन दिनों से सुबह का मौसम काफी परिवर्तित रहा है। आसमान में काले बादल भी मंडरा रहे थे। आज सुबह बेमौसम बारिश होने के बाद मौसम खुलने की संभावना जताई जा रही है।

इस बीच लगातार बदल रहे मौसम के रूख से मौसमी बीमारियां भी पैर पसार रही है। सर्दी-खांसी के साथ लोग बीमार पड़ रहे हैं। छोटे बच्चों पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। जनवरी का पहला सप्ताह हल्की ठंड के साथ गुजर गया। दूसरे सप्ताह में मौसम में उलटफेर हो रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड के तेवर काफी सख्त होंगे। दिसंबर का महीना ठंड के लिहाज से काफी कमजोर रहा, लेकिन जनवरी में ठंड का मिजाज सख्त हो सकता है।


अन्य पोस्ट