राजनांदगांव

राजनांदगांव, 4 जनवरी। राज्य सरकार ने बहुप्रतिक्षित प्रशासनिक फेरबदल में राजनांदगांव कलेक्टर के रूप में संजय अग्रवाल को पदस्थ किया है। 2012 बैच के आईएएस अग्रवाल वर्तमान में सूरजपुर में पदस्थ हैं। कल देर रात को इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं।
अग्रवाल पूर्व में राजनांदगांव जिले में एडीएम, एसडीएम और नगर निगम आयुक्त भी रहे हैं। प्रशासनिक महकमे में उन्हें ईमानदार और स्वच्छ छवि का अफसर माना जाता है। उनके एसडीएम कार्यकाल के दौरान राजनंादगांव में फ्लाई ओवर निर्माण चुनौतीपूर्ण माहौल में हुआ था। नगर निगम में आयुक्त रहते हुए उन्होंने बुनियादी समस्याओं का बखूबी निपटारा किया था। लिहाजा उनकी काबिल अफसरों में गिनती होती है। इधर कल 5 जनवरी शुक्रवार को अग्रवाल विधिवत रूप से प्रभार सम्हालेंगे। वह प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार से पदभार ग्रहण करेंगे। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते श्री अग्रवाल ने कहा कि शुक्रवार को प्रभार सम्हालेंगे।
राज्य सरकार की योजनाओं को मूर्तरूप देने प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। माना जा रहा है कि मां बम्लेश्वरी के दर्शन के पश्चात वह कल कार्यालयीन समय पर चार्ज लेंगे।