राजनांदगांव

कोहका में कार्यक्रम आयोजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 दिसंबर। भारत सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत जिले के सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत कोहका में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मोबाईल वैन पहुंची। मोबाईल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और केन्द्र सरकार की योजनाओं से लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर प्रतिक्रिया जानी गई। धरती कहे पुकार के अंतर्गत हाई स्कूल की छात्राओं ने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने नाट्य प्रस्तुति दी तथा रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के बारे में बताया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान किया। कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भरत वर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए विभिन्न तरह की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी शासन की किसी न किसी जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। जिसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति को मिल रहा है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल में केन्द्र सरकार की योजनाओं और सुपोषण के संबंध में जानकारी दी गई। कृषि विभाग के स्टॉल में किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा जैविक कीटनाशक के उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर सरपंच सावित्री साहू, उप सरपंच राजू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।