राजनांदगांव
राजनांदगांव, 31 दिसंबर। कलेक्टर डोमन सिंह शुक्रवार को डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रीवागहन में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल हुए।
कलेक्टर ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा केन्द्र शासन की योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामवासी केन्द्र शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। आप सभी को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के स्टाल में आयुष्मान कार्ड भी बनाया जा रहा है। इसके लिए जागरूक रहते आयुष्मान कार्ड जरूर बनाएं। सभी स्टाल में शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकते हैं। कलेक्टर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम के माध्यम से एक स्थान पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और छूटे हुए हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोडक़र लाभान्वित किया जा रहा है। इस अवसर पर कबड्डी खेल का आयोजन किया गया। खेलो इंडिया के तहत युवाओं द्वारा कबड्डी खेला गया। कलेक्टर ने कबड्डी खिलाडिय़ों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने कृषि विभाग से लाभान्वित हितग्राहियों को मक्का बीज वितरण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र दिया। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों को सुपोषण किट प्रदान किया। उन्होंने दो आंगनबाड़ी केन्द्र को डिजिटल एजुकेशन से जोडऩे स्मार्ट टीवी प्रदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर सिंह ने नन्हे बच्चों का अन्नप्रासन्न किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा जनसामान्य को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान किया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में डॉक्टरों द्वारा ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाईयां दी गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य रवि अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


