राजनांदगांव
जिला व शहर अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस स्थापना दिवस राष्ट्रीय रैली होगी सफल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 दिसंबर। कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर कल 28 दिसंबर को नागपुर में होने वाले राष्ट्रीय स्तर की विशाल रैली ‘हैं तैयार हम’ के संबंध में कांग्रेस ने मंगलवार को स्थानीय प्रेस क्लब में कांग्रेस ने प्रेस कान्फ्रेंस में जानकारी दी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर नागपुर की रैली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और देशभर के कार्यकर्ता, पदाधिकारी पहुचेंगे। इस रैली को सफल बनाने कांग्रेसजन लगातार जुटे हुए हैं।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि रैली को सफल बनाने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार कांग्रेसी जुटे हुए हैं। एक दिन पूर्व ही राष्ट्रीय सचिव, छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदु कांग्रेसजन की बैठक लेकर तैयारियों के संबंध में चर्चा और दिशा-निर्देश दे चुके है। उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण रैली लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज है। यह रैली देश की राजनीति में परिवर्तन का संकेत है। छत्तीसगढ़ व राजनांदगांव से भी हजारों कार्यकर्ता, पदाधिकारी इस विशाल रैली ‘हैं तैयार हम’ में शामिल होंगे। यह रैली बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, राष्ट्रीय सुरक्षा में बीजेपी सरकार की विफलता तथा संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर हमले के विरोध में आम आदमी की आवाज होगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भागवत साहू ने बताया की कांग्रेस पार्टी अपने स्थापना के समय से ही जनता की आवाज बन संघर्ष करती रही है। देश की आजादी की लड़ाई तथा उसके उपरांत भारत के नवनिर्माण में भी कांग्रेस का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। देश में वर्तमान में विद्यमान जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी मुखर है और हम जनता की आवाज बने रहेंगे। यह महत्वपूर्ण रैली में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देश के सभी भाग से आए पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस विचारधारा को विस्तार देने और देश में व्याप्त बीजेपी सरकार के कुशासन का विरोध कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता करेगा। रैली में जिले के सभी ब्लॉक से बड़ी संख्या में जिले से कांग्रेसजन इस पहुचेंगे। प्रदेश प्रवक्ता रूपेश दुबे ने भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय रैली को लेकर जानकारी दी।
प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश पदाधिकारी डॉ. आफताब आलम, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली, पार्षद मनीष साहू, महेश साहू उपस्थित थे।


