राजनांदगांव
कतार में खड़े होकर अपनी बारी का कर रहे इंतजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा सोमवार को दो साल का बकाया बोनस राशि देने से किसानों में हर्ष का माहौल है। खातों में राशि पहुंचने के बाद किसान जिला सहकारी बैंक में राशि आहरित करने कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इधर बैंक परिसर में राशि निकालने पहुंचे किसानों ने प्रदेश सरकार की पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राज्यभर के किसानों को बोनस की राशि स्थानांतरित की, वहीं राजनांदगांव में भी किसानों को कार्यक्रम के दौरान राशि जारी की। भाजपा सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के पहले अपने घोषणा पत्र में पूर्व में बकाया दो वर्ष का बोनस राशि देने की घोषणा की गई थी।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बन जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कैबिनेट की बैठक में ही बोनस की राशि देने का घोषणा की थी। राजनांदगांव जिले में वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत 1 लाख 5 हजार 480 किसानों को 300 रुपए प्रति क्विंटल धान की दर से 140 करोड़ 30 लाख 93 हजार रुपए का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजना अंतर्गत 34 हितग्राहियों को कुल 19 लाख 94 हजार 540 रुपए के सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का भी आयोजन किया। किसानों को धान बोनस राशि वितरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ऐसे में जिलेभर के किसान प्रदेश सरकार द्वारा जारी बोनस राशि से खुश नजर आए। मंगलवार को शहर के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के खाताधारक किसान सुबह से ही बोनस की राशि निकालने बैंक पहुंचे। वहीं ऑनलाइन और एटीएम धारक किसान अपनी सुविधानुसार राशि का उपयोग किए। वहीं इन सुविधाओं से अंजान किसान बैंक में कतार लगाकर अपने खाता से राशि निकालने लाइन में नजर आए।


