राजनांदगांव
किसानों के खाते में 2 साल की बोनस राशि अंतरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में 2 साल का धान का बकाया बोनस राशि अंतरित किया। किसानों के खाते में धान का बोनस राशि आने से दिवाली जैसे खुशहाली किसानों के चेहरे में देखने को मिला।
राज्य के साथ ही जिले के किसानों के लिए आज का दिन मेहनतकश किसानों के सम्मान के लिए खास दिन बन गया। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 में समर्थन मूल्य पर धान बेचेने वाले किसानों के खाते में 2 साल का बकाया बोनस राशि अतंरित किया गया। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत 23791 किसानों को 25 करोड़ 12 हजार रुपए की राशि उनके खाते में अंतरित किया गया।
जिला स्तर पर आयोजित धान बोनस वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गीता घासी साहू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का सपना देखा था, उनका सपना था कि गांव, गरीब, किसान खुशहाल हो और उनके चेहरे पर मुस्कान आए। उन्होंने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कई अविस्मरणीय कार्य किए हैं। जिससे देश और प्रदेश का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ का निर्माण कर प्रदेश की जनता के लिए अतुलनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन घोषणा पत्र के अनुसार किसानों से किए गए वादे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने आज सुशासन दिवस पर धान बोनस पाने वाले सभी किसानों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर एस. जयवर्धन ने शासकीय प्रतिवेदन पर उद्बोधन दिया। उन्होंने जिले के किसानों को शुभकामनाएं देते कहा कि आज का दिन निश्चित रूप से किसानों के लिए सौगात भरा दिन है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी कड़ी मेहनत के बदौलत अन्न पैदा कर सबका पेट भरने का काम करता है। किसानों का सम्मान होने से उनका मान बड़ता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजीव शाह, अन्य जनप्रतिनिधिगण, सभी अधिकारीगण एवं जिले के किसानगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
धान बोनस वितरण के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय सामुदायिक भवन दशहरा मैदान मोहला में आयोजित किया गया। इसी प्रकार विकासखंड स्तर पर टाउन हॉल अंबागढ़ चौकी में एवं सामुदायिक भवन, नवीन एसडीएम कार्यालय के पास मानपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।


