राजनांदगांव

किसानों के हित में निर्णय लेते 3100 रु. प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा जल्द होगा पूरा - मुख्यमंत्री
26-Dec-2023 3:26 PM
किसानों के हित में निर्णय लेते 3100 रु. प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा जल्द होगा पूरा - मुख्यमंत्री

दो साल के धान बोनस वितरण, किसानों को राशि उनके खाते में की गई अंतरित 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 दिसंबर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयीकी जयंती 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्मय से दो साल के धान बोनस वितरण कार्यक्रम में किसानों को राशि उनके खाते में अंतरित की। 

इस अवसर पर ग्राम टेड़ेसरा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव एवं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं अन्य जन्प्रतिनिधि वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान बोनस वितरण समारोह से जुड़े। 

इस दौरान राजनांदगांव जिले में वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत 1 लाख 5 हजार 480 किसानों को 300 रूपए प्रति क्विंटल धान की दर से 140 करोड़ 30 लाख 93 हजार रुपए का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजना अंतर्गत 34 हितग्राहियों को कुल 19 लाख 94 हजार 540 रुपए के सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का भी आयोजन किया। किसानों को धान बोनस राशि वितरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमने सरकार बनते ही गरीबों को 18 लाख आवास देने का निर्णय लिया। कई लोगों ने घर के लिए कर्ज लिया, कई अपना घर बना ही नहीं पाए उनके लिए आवास स्वीकृत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी हम पूरी तरह से निभाएंगे। गरीब भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रूपए सालाना भी देंगे। पारदर्शिता के साथ 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे। हमारा वादा है हम 5500 मानक बोरा के हिसाब से 15 दिन तक तेंदूपत्ता खरीदेंगे। विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर माह 1000 रूपए देने का प्रावधान भी हमने अनुपूरक बजट में कर दिया है। अब माताओं बहनों के खाते में साल में 12000 रूपए जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार हमारी प्राथमिकता है। अब आयुष्मान कार्ड में 10 लाख रूपए तक नि:शुल्क इलाज का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों के हित में निर्णय लिया और 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया है उसे भी हम जल्द पूरा करेंगे। हमने 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की भी व्यवस्था की है, इस संदर्भ में हमने आदेश जारी कर दिया है। हम किसानों से उनका पूरा धान खरीदेंगे और जरूरत पडऩे पर समय सीमा भी बढ़ाएंगे।

पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रदेश के किसान जागरूक हैं, आज पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर किसानों को वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत धान बोनस की राशि का वितरण किया गया है। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के मध्यप्रदेश से विभाजित होकर एक पृथक राज्य के निर्माण का सपना साकार हुआ है और प्रदेश में विकास की गति बढ़ी है। 

अतिथियों ने कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने लगाए गए विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया। इस मौके पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने सभी को सुशासन दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा की मोबाईल वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया। 
चलचित्र के माध्यम से विकसित भारत के उद्देश्य की जानकारी दी गई।

केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों ने ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ अंतर्गत अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर खूबचंद पारख, नीलू शर्मा, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, रमेश पटेल, राजेन्द्र गोलछा, प्रतीक्षा भंडारी, राजेश श्यामकर, लीलाधर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी तथा कलेक्टर डोमन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। 

राजनांदगांव जिले में वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत 1 लाख 5 हजार 480 किसानों को 300 रूपए प्रति क्विंटल धान की दर से 140 करोड़ 30 लाख 93 हजार रुपए का वितरण किया गया। इस वर्ष किसानों से कुल 4676976.60 क्विंटल धान खरीदी की गई थी। वर्ष 2014-15 में 61140 किसानों से 2979119.40 क्विंटल धान एवं वर्ष 2015-16 में 44340 किसानों से कुल 1697857.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। वर्ष 2014-15 अंतर्गत 89 करोड़ 37 लाख 36 हजार रूपए तथा 2015-16 अंतर्गत 50 करोड़ 93 लाख 57 हजार रूपए की राशि दी गई। 
 


अन्य पोस्ट