राजनांदगांव

सत्ता गंवाने पर होगी चर्चा, जिलेभर के नेता होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव चंदन यादव को बैठक के लिए अधिकृत किया है। वह सांगठनिक स्तर पर चुनाव लडऩे के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मनोस्थिति को समझेंगे। साथ ही विधानसभा चुनाव में मिली हार को लेकर भी चर्चा हो सकती है। यह बैठक इसलिए भी मायने रखती है कि चंदन यादव पर कथित रूप से टिकट के लिए लाखों रुपए लेने के आरोप भी लगा है।
बताया जा रहा है कि यादव को इस मामले में कार्यकर्ताओं के सवालों का भी सामना करना पड़ सकता है। हालांकि राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा। अन्य क्षेत्रों की तुलना में कांग्रेस को यहां अच्छे नतीजे मिले। 8 विधानसभा वाले लोस सीट पर कांग्रेस ने 5 विस में बाजी मारी है। भाजपा को सिर्फ तीन सीटों पर संतुष्ट होना पड़ा। राजनीतिक तौर पर कांग्रेस ने लोकसभा में अपनी पकड़ बरकरार रखी है।
कांग्रेस को इन नतीजों के चलते इस लोकसभा से उम्मीदें बंधी है। तमाम राजनीतिक परिस्थितियों के मद्देनजर संगठन ने यादव को राजनांदगांव में बैठक लेने का निर्देश दिया है।
कल दोपहर बाद यादव कांग्रेस भवन में बैठक करेंगे। अप्रत्यक्ष रूप से लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की स्थिति को परखेंगे।