राजनांदगांव

नांदगांव निगम के 8 नामांकित पार्षदों की छुट्टी
राजनांदगांव, 23 दिसंबर। सूबे में सरकार बदलते ही निकायों के नामांकित पार्षदों को हटाने का आदेश मिलते ही राजनांदगांव नगर निगम के आधा दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी एल्डरमैनों की छुट्टी कर दी गई है। सत्ता परिवर्तन होते ही भाजपा सरकार ने कांग्रेस समर्थित नामांकित पार्षदों की नियुक्ति तत्काल रद्द कर दी है। इस फैसले से स्थानीय निगम के एल्डरमैन हटा दिए गए हैं। तकरीबन सालभर नगर निगम का कार्यकाल शेष है। ऐसे में हटाए गए एल्डरमैनों की जगह नई नियुक्तियां होंगी। भाजपा में एल्डरमैन मनोनीत होने के लिए रस्साकसी भी शुरू हो गई है।
कांग्रेस सरकार ने निकायों में राजनीतिक रूप से उपकृत करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को एल्डरमैन नियुक्त किया था। जिसमें झम्मन देवांगन, राजा गुप्ता, एजाजुर रहमान, सुनीता बक्सेरिया, हेमू सोनी, मामराज अग्रवाल, राजेन्द्र व्यास व प्रतिमा बंजारे शामिल हैं। इन एल्डरमैनों को निर्वाचित पार्षदों के जैसी मानदेय और सुविधाएं मिल रही थी। राज्य सरकार के निर्देश पर निकाय के विशेष सचिव डॉ. अय्याज एफ तम्बोली ने एक आदेश जारी कर निगम अधिनियम 1956 की धारा के तहत नामांकित पार्षदों का कार्यकाल समाप्त कर दिया है। इस बीच भाजपा के कई जमीनी कार्यकर्ता एल्डरमैन के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। नई नियुक्ति में महीने-दो-महीने का वक्त लग सकता है।