राजनांदगांव

शहीद सब इंस्पेक्टर शर्मा को वीरता पुरस्कार
12-Dec-2023 3:26 PM
शहीद सब इंस्पेक्टर शर्मा को वीरता पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 दिसंबर।
शहीद उप निरी. श्यामकिशोर शर्मा जिला राजनांदगांव को मरणोपरान्त पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 8 मई 2020 को अविभाजित जिला राजनांदगांव हाल नवीन जिला मोहला-मानपुर-अं. चौकी के ग्राम परधोनी थाना मानपुर में करीबन 7-8 नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर थाना मानपुर से उप निरी. श्याम किशोर शर्मा थाना प्रभारी मदनवाड़ा, उप निरी. प्रवीण द्विवेदी थाना प्रभारी कोहका के नेतृत्व में जिला पुलिस बल की करीबन 28 अधिकारी-कर्मचारी ग्राम परधोनी की ओर सर्चिंग हेतु रवाना हुए। 

पुलिस पार्टी सर्चिंग करते ग्राम परधोनी की ओर आगे बढ़ रही थी कि करीबन 9.30 बजे रात्रि में नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी को देखकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।  पुलिस पार्टी द्वारा कारगर जवाबी कार्रवाई की गई। फायरिंग करीबन 15-20 मिनट चली। फायरिंग पश्चात घटनास्थल का सर्च किया गया। 

घटनास्थल से 4 नक्सलियों का शव एवं 01 एके-47 रायफल, 01 एसएलआर रायफल एवं 02 12 बोर बंदूक बरामद किया गया। 
शहीद उप निरी. श्याम किशोर शर्मा  द्वारा अपनी जान की परवाह न करते अदम्य साहस व वीरता का परिचय देते नक्सलियों से बहादुरी के साथ मुकाबला करते शहीद हो गए। शहीद उप निरीक्षक श्याम किशोर शर्मा के मरणोपरान्त उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया। 

भारत सरकार से वीरता पदक जिला राजनांदगांव को प्राप्त होने पर राहुल भगत पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज राजनांदगांव के निर्देशन में  मोहित गर्ग पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव द्वारा अजीत ओगरे उप पुलिस अधीक्षक नक्सल अभियान राजनांदगांव को भारत सरकार से प्राप्त वीरता पदक शहीद उप निरी.  श्याम किशोर शर्मा के पिता  बृजमोहन शर्मा को ससम्मान दिए जाने हेतु भेजा गया। जिसे 11 दिसंबर को  पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय सरगुजा रेंज सरगुजा में शहीद उप निरी. श्याम किशोर शर्मा के पिता बृजमोहन शर्मा को ससम्मान आमंत्रित कर अंकित गर्ग पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा के हाथों प्रदाय कराया गया। उक्त कार्यक्रम में अजीत ओगरे उप पुलिस अधीक्षक नक्सल अभियान राजनांदगांव भी उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट