राजनांदगांव

साय के शपथ समारोह में जिले से 5 हजार भाजपा कार्यकर्ता होंगे शामिल
12-Dec-2023 12:29 PM
साय के शपथ समारोह में जिले से 5 हजार भाजपा कार्यकर्ता होंगे शामिल

संगठन ने की बसों व अन्य वाहनों की व्यवस्था, दिग्गज भी करेंगे शिरकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 12 दिसंबर।
प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह में राजनांदगांव जिले से भी कार्यकर्ता और नेता भी शामिल होंगे। संगठन द्वारा 5 हजार भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए बस और अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है। 

स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय से कल सुबह  पार्टी कार्यकर्ता राजधानी कूच करेंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। अनुमान के तहत 5 हजार कार्यकर्ता व नेता  शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पहुंचने का लक्ष्य दिया है। 

जिलेवार कार्यकर्ताओं को समारोह में शामिल होने की जिम्मेदारी  संगठन ने दी है। राजनांदगांव में भी भाजपा शासन आने के चलते कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।  पांच साल बाद भाजपा ने सूबे में वापसी की है। 

बताया जा रहा है कि साय सबसे पहले बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। इसके फौरन बाद उनकी नई मंत्रिमंडल में शामिल विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। राजनंादगांव जिले से कार्यकर्ता समारोह के गवाह बनेंगे। कल दोपहर के बाद नई सरकार पूरी तरह से अस्तित्व में आ जाएगी।

इधर, स्थानीय संगठन  के नेताओं ने बूथ से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अन्य नेताओं को राजधानी ले जाने की तैयारी की है। संगठन ने मंडलवार कार्यकर्ताओं को खासी तादाद में भेजने के निर्देश दिए हंै। जिले में  नई सरकार के आने के बाद से भाजपा के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता समारोह में जाने आतुर हैं।


अन्य पोस्ट