राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष और विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद भाजपाईयों में हर्ष का माहौल है।
भाजयुमो और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम मानव मंदिर चौक एवं वीआईपी रोड स्थित डॉ. रमन सिंह के कार्यालय के सामने तथा भाजपा कार्यालय में पटाखे फोडक़र व मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
प्रदेश भाजपा की कमान सम्हालने वाले विष्णुदेव साय को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सलाह एवं सहमति से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद के लिए चुन लिया गया। इससे भाजपाईयों में खुशी की लहर है। वहीं डॉ. रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष चुना गया है। वहीं वीआईपी रोड में उनके कार्यालय के सामने पटाखे फोडक़र और मिठाईयां बांटकर भाजपाईयों ने अपनी खुशी का इजहार करते जमकर नारेबाजी की। शहर के मानव मंदिर चौक में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता साय के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जाहिर करते पटाखे फोड़े, आतिशबाजी की एवं एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
मानव मंदिर चौक में भाजपा नेता तरूण लहरवानी, शिव वर्मा, गोलू सूर्यवंशी, प्रखर श्रीवास्तव, आशीष जैन, सतीश कन्नौजे, राजेश अग्रवाल, मूलचंद भंसाली सहित भाजपा के अन्य नेताओं की उपस्थिति रही।