राजनांदगांव

डेढ़ लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार
11-Dec-2023 3:32 PM
डेढ़ लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर।
गढ़चिरौली पुलिस को पुलिस जवान की हत्या करने वाले एक कट्टरपंथी जनमिलिशिया को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। महाराष्ट्र सरकार ने कुल 1.5 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया था। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 2 से 8 दिसंबर के बीच पीएलजीए सप्ताह मनाते हैं। इस दौरान वे सरकारी संपत्ति को नुकसान, पुलिस बलों पर हमला कर हथियार की लूट, सडक़ों और अन्य प्रकार के सरकारी कार्यों में बाधा डालते हैं और आगजनी आदि करते हैं। 9 दिसंबर को ग्राम टिटोला तहसील एटापल्ली जिला गढ़चिरौली में नक्सलियों ने पुलिस पाटिल लालसुवेलदा की हत्या कर दी थी।

इस हत्या में शामिल आरोपी नक्सली अर्जुन सम्मा हिचामी उम्र 19 साल निवासी ग्राम झारेवाड़ा तहसील एटापल्ली जिला गढ़चिरौली को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि गट्टा नाले के पास गट्टा पुलिस दल की जानकारी नक्सलियों को देने के लिए वह नाले के समीप घूम रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि पुलिस पाटिल की हत्या में उसका हाथ था। इसके अलावा इस घटना के कुछ समय पूर्व सुरजागढ़ क्षेत्र में सुरक्षा जवान की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। हिरासत में लिए गए नक्सली पर निर्माण काम में लगे वाहनों को आग लगाने का भी आरोप है। गट्टा थाना में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर वाहनों को जलाने एवं हत्या का मामला भी दर्ज है। 


अन्य पोस्ट