राजनांदगांव

पार्टी की हार और कथित ऑडियो में टीका-टिप्पणी इस्तीफे की वजह?
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर। कवर्धा नगर पालिका के अध्यक्ष ऋषि शर्मा ने सोमवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने कांग्रेस की कवर्धा विधानसभा में बुरी हार होने पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम त्यागपत्र में शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी मोहम्मद अकबर को नगर पालिका के समस्त मतदान केंद्र में मिली हार की जिम्मेदारी का हवाला देते अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का उल्लेख किया है। राजनीतिक रूप से कांग्रेस को कवर्धा शहर में विधानसभा चुनाव में जबर्दस्त नुकसान हुआ है।
चर्चा है कि शर्मा की इस्तीफा की एकमात्र यही वजह नहीं है। कवर्धा में पिछले दिनों शर्मा का एक कथित आडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कांग्रेस संगठन और मो. अकबर को लेकर कई तरह की टीका-टिप्पणी की है। इस आडियो में शर्मा के भाजपा के कुछ नेताओं से वार्तालाप के दौरान टिप्पणी किए जाने के अंश सामने आए हैं। हालांकि शर्मा ने विधानसभा में मिली करारी हार को लेकर इस्तीफा देने का जिक्र किया है।
सूत्र बताते हैं कि शर्मा के कामकाज को लेकर नगर पालिका के कांग्रेस पार्षद लंबे समय से असंतुष्ट थे। विधानसभा चुनाव में नाराज कांग्रेस के पार्षदों ने काम करने से इंकार भी कर दिया था। चुनाव परिणाम आने के बाद शर्मा के खिलाफ कांग्रेस पार्षद एकजुट हो गए। पार्टी नेताओं के दबाव और पार्षदों के साथ तालमेल नहीं होने के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है।