राजनांदगांव

दो साल का बकाया बोनस में मिलेंगे किसानों को पौने चार सौ करोड़
08-Dec-2023 3:17 PM
दो साल का बकाया बोनस में मिलेंगे किसानों को पौने चार सौ करोड़

 भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में 25 दिसंबर को एकमुश्त राशि देने का किया था वादा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद अब जिले के किसानों को 25 दिसंबर का इंतजार है। चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा ने साल 2017 और 2018 के दौरान धान का बोनस के वादे को सरकार बनते ही पूरा करने का भरोसा दिया था। सत्तारूढ़ होने के बाद भाजपा से अब किसान दो साल के बोनस को लेकर उत्साहित हैं। प्रति क्विंटल 300 रुपए के अनुसार किसानों को बोनस दिया जाएगा। अविभाजित राजनांदगांव जिले के दो लाख से ज्यादा किसानों को 370 करोड़ रुपए बोनस के तौर पर दिए जाएंगे। घोषणा पत्र में एकमुश्त 25 दिसंबर को राशि देने का वादा किया गया है। दो साल के बोनस के अलावा धान बेचने वाले किसानों को भाजपा ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल के अनुसार भुगतान करने का भी वादा किया है। नई सरकार के शपथ के साथ ही किसानों को एकमुश्त प्रति क्विंटल के अनुसार उक्त रकम प्रदान की जाएगी। 

अब तक राजनांदगांव-कवर्धा के कुल एक लाख 66 हजार 18 किसानों को नई सरकार बोनस के तौर पर पौने चार सौ करोड़ देगी। राजनांदगांव के किसानों ने 2016-17 में 51.78 लाख क्विंटल धान बेचा था। वहीं 2017-18 में 27.71 लाख क्विंटल धान बेचा था। कवर्धा जिले के 50 हजार 644 किसानों ने 2016-17 में 23.25 लाख क्विंटल और 2017-18 में 20.90 लाख क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर धान बेचा था।

 कुल मिलाकर किसानों को 25 दिसंबर के दिन दो साल का बकाया बोनस मिलने का बेसब्री से इंतजार है। भाजपा ने कांग्रेस के कर्जमाफी की घोषणा के जवाब में यह वादा किया था।


अन्य पोस्ट