राजनांदगांव

तन-मन-धन से समर्पित होकर कार्यकर्ताओं के बलबूते ऐतिहासिक चुनाव परिणाम आए - रमन
05-Dec-2023 12:22 PM
तन-मन-धन से समर्पित होकर कार्यकर्ताओं के बलबूते ऐतिहासिक चुनाव परिणाम आए - रमन

 पैसे के बलबूते नांदगांव की जनता को खरीदा नहीं जा सकता


'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 5 दिसंबर।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सोमवार को रायपुर स्थित अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात में व्यस्त रहे। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मॉल श्री बिहार पहुंचकर डॉ. रमन सिंह को बधाई देने तांता लगा था। जिसमें राजनांदगांव से बड़ी संख्या में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल के नेतुत्व में  ग्रामीण एवं शहर मंडल से कार्यकर्ता पहुंचे एवं डॉ. रमन सिंह को जीत की शुभकामनाएं दी।


जीत से अभिभूत डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि राजनांदगांव की ऐतिहासिक जीत ने प्रदेश को नया संदेश दिया है कि धन-बल की वर्षा से चुनाव नहीं जीता जा सकता। भूपेश बघेल के करीबी रहने वाले प्रत्याशी ने आखिरी दिनों में करोड़ों रुपए मतदाताओं तक पहुंचाएं, परंतु राजनांदगांव की जनता ने रुपए को नजर अंदाज कर नरेंद्र मोदी की गारंटी योजना पर विश्वास व्यक्त किया और यहां के कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से समर्पित होकर बहुत कम खर्च में भाजपा के समर्थन में लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।


राजनांदगांव में कांग्रेस की हार से भूपेश की करारी हार हुई है, क्योंकि वह सर्वाधिक समय तक राजनांदगांव में सक्रिय रहे और इस सीट को उन्होंने प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया। मतदान के बाद पूरे देश में डॉ. रमन सिंह हार रहे हैं, का झूठा प्रचार किया, परंतु परिणाम आने पर तीन गुना ज्यादा आशीर्वाद देकर राजनांदगांव की जनता ने भूपेश बघेल को करारा जवाब दिया है। डॉ. रमन सिंह ने  ग्रामीण एवं शहर के सभी बूथों पर विजयी होने पर सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव के समस्त कार्यकर्ताओं का मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि अब पांच माह बाद होने वाली लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ता की जान से जुट जाए।  इस अवसर पर डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ की 11 की 11 लोकसभा सीटो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार विजयी बनाने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं को दिलाया।


 मोदी गारंटी योजना पर करेंगे अमल
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने महत्वपूर्ण बात कही कि भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में मोदी गारंटी योजना पर क्रियान्वयन किया जाएगा  और सभी योजनाओं को केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में शत प्रतिशत लागू किया जाएगा। 


इस अवसर पर संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, तरुण लहरवानी, सौरभ कोठारी, आकाश चोपड़ा, आलोक बिंदल, योगेश बागड़ी, भावेश बैद, गगन आइच, कमलेश सूर्यवंशी, मूलचंद भंसाली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट