राजनांदगांव

एग्जिट पोल में भाजपा बढ़ते क्रम में, कांग्रेस की हार तय - रमन
01-Dec-2023 3:45 PM
एग्जिट पोल में भाजपा बढ़ते क्रम में, कांग्रेस की हार तय - रमन

मतगणना को लेकर कार्यकर्ताओं संग बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने एग्जिटपोल को लेकर कहा है कि राज्य में 52 से 55 सीट के साथ भाजपा सत्तारूढ़ हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तमाम एग्जिटपोल में घटते स्तर पर बताया गया है। जबकि भाजपा को लगभग हर पोल में बढ़ते क्रम में दिखाया गया है। 

शुक्रवार को मतगणना की तैयारी के संबंध में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस 68 सीट से सीधे 40-42 सीटों पर टिकती दिख रही है। भाजपा 15 से सीधे 52-55 सीट तक बढ़ते क्रम में दिख रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की बिदाई होना तय है। प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। कांग्रेस सरकार के खोखले वादों के कारण जनता ने इस बार भाजपा को चुनने का मन बनाया। 

स्थानीय भाजपा कार्यालय में डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ एक बैठक करते मतगणना स्थल में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी के एजेंटों को हर टेबल पर सतत निगरानी रखने से संबंधित जानकारी दी। इस दौरान मधुसूदन यादव, भरत वर्मा, विनोद खांडेकर, सुरेश एच. लाल, सचिन बघेल, प्रदीप गांधी, गीता साहू समेत अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे।

 


अन्य पोस्ट