राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक ने दावा किया है कि कांग्रेस सरकार के पिछले पांच वर्ष के सुशासन और किसान, मजदूर, आदिवासी, युवाओं और महिलाओं सहित सभी वर्ग का ख्याल रखा। इसी वजह से जनता का आशीर्वाद कांग्रेस को फिर से मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस सरकार का काम धरातल पर दिखा है, जिसे देखते प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पर एक बार फिर भरोसा जताया है और इसी भरोसे के साथ कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने वाली है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस सरकार के काम एवं कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भरोसा किया है।
श्री वासनिक ने कहा कि कांग्रेस 70 से अधिक सीट जीतकर पुन: सरकार बनाने जा रही है। प्रथम एवं दूसरे चरण के मतदान में किसान, माता, बहने, युवा, श्रमिक व्यापारियों का रूझान कांग्रेस के प्रति रहा है। विधानसभा का यह चुनाव कांग्रेस पर भरोसे का चुनाव रहा है। पहले चरण के मतदान के बाद से ही यह स्पष्ट हो गया था कि राज्य में तीन चौथाई बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन रही है। पहले चरण की सभी 20 सीटें कांग्रेस जीतेगी। दूसरे चरण के मतदान के बाद हम अपने 75 सीटों के लक्ष्य को जरूर पूरा करेंगे।
कांग्रेस ने 2018 के अपने घोषणा पत्र के अधिकांश वायदो को विगत 5 वर्ष के कार्यकाल के भीतर निभाया है, जनता का भरोसा 5 साल में कांग्रेस के प्रति और भी ज्यादा बढ़ा है। यही कारण है कि जनता ने एक बार फिर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। पिछली बार 2018 में दो तिहाई से बड़ी बहुमत मिली थी। अबकी बार तीन चौथाई से बड़ी बहुमत के साथ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी।


