राजनांदगांव

सरेराह भाभी की देवर ने की हत्या, फरार
01-Dec-2023 12:23 PM
सरेराह भाभी की देवर ने की हत्या, फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 1 दिसंबर।
सोमनी क्षेत्र के तुमड़ीलेवा गांव में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी भाभी की सरेराह हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात के दौरान अपनी भाभी पर कई वार किए और उसके बाद वह फरार हो गया।  पुलिस आरोपी की खोजबीन कर रही है। 

पुलिस के अनुसार तुमड़ीलेवा के रहने वाले पिंटू यादव ने गुरुवार सुबह एक फार्म हाउस में मजदूरी करने जा रही अपनी भाभी उमा यादव को सूने रास्ते में रोका। रोज की तरह वह फार्म हाउस में मजदूरी करने निकली थी। तुमड़ीलेवा-शिकारीटोला के बीच एक सूनसान रास्ते में जाकर पिंटू यादव ने अपनी भाभी के साथ विवाद किया और उसके बाद धारदार हथियार से उमा के सिर, आंख, गले में ताबड़तोड़ हमले किए।
  
आरोपी ने अपनी भाभी पर चिढ़ निकालते हुए कई वार किए और उसके बाद वह फरार हो गया। मौके पर ही उमा यादव ने दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने  घटना को आंखों से भी देखा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। आरोपी का अपने भाभी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।

इस संबंध में एएसपी राहुलदेव शर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों में आरोपी को ढूंढ रही है।

बताया जा रहा है कि मृतिका दो बच्चों की मां थी। उसके पति के दो भाई हैं। आरोपी मंझला देवर है। एक ही मकान में रहने के कारण सभी आरोपी का अपनी भाभी से अक्सर विवाद होता था। रोज-रोज की कहासुनी के कारण हत्या की घटना सामने आई। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की खोजबीन कर रही है। 


अन्य पोस्ट