राजनांदगांव

मर्डर के मुख्य आरोपी प्रकाश गोलछा की तलाश में दुर्ग, रायपुर और पड़ोसी राज्यों में पुलिस की छापेमारी
29-Nov-2023 3:55 PM
मर्डर के मुख्य आरोपी प्रकाश गोलछा की तलाश में दुर्ग, रायपुर और पड़ोसी राज्यों में पुलिस की छापेमारी

ग्रामीण युवक की हत्या में शामिल गोलछा को लेकर शहर में जनाक्रोश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 नवंबर।
एक ग्रामीण युवक की हत्या का मुख्य आरोपी प्रकाश गोलछा की धरपकड़ के लिए कोतवाली और सायबर की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्ग और रायपुर शहर के अलावा पड़ोसी राज्यों के प्रमुख शहरों में भी एक टीम को सक्रिय किया है। 

मध्यप्रदेश के बालाघाट, गोंदिया और नागपुर तक पुलिस की तीन-चार टीमें  गोलछा की खोजबीन कर रही है। इधर गोलछा के इस करतूत को लेकर शहर में जनाक्रोश का माहौल है। आम आदमी भी गोलछा की गिरफ्तारी के बाद कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है। 

प्रकाश गोलछा 4 युवकों के साथ मिलकर सुरेश जोशी नामक युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी  को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। कोतवाली टीआई ऐमन साहू ने कहा कि हत्या का मुख्य आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है। जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

मिली जानकारी के अनुसार सुरेश जोशी हत्याकांड की जांच कर रही कोतवाली पुलिस को सोमनी स्थित फार्म हाउस से घटना से जुड़े कई जानकारियां हासिल हो गई है। यही नहीं फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि इस फार्म हाउस में पिछले एक माह के दौरान आरोपी के कई करीबियों की आवाजाही  रही है। आरोपी ने इसी फार्म हाउस में ही सुरेश जोशी को कोल्ड्रिंग में जहर देकर हत्या की थी। 

इस घटना  को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रकाश गोलछा ने मृतक के शव को पार्रीनाला के पास छोडक़र फरार हो गया। इधर सुरेश जोशी की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी प्रकाश गोलछा फरार है।

मुख्य आरोपी की पतासाजी करने पुलिस की करीब आधा दर्जन टीमें राज्य के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों में डेरा डाले हुए हैं। हालांकि अभी तक पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता नहीं मिली है। 

सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने आरोपी प्रकाश गोलछा के घर में भी छापामार कार्रवाई की है। घटना के बाद से पत्नी और बेटा भी गायब हो गए हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वारदात को अंजाम देने के बाद एक कार से आरोपी प्रकाश गोलछा अपने परिवार के साथ यहां से गायब हुआ है। 
 


अन्य पोस्ट