राजनांदगांव

कल अंचल में धूमधाम से मनेगी छोटी दिवाली
22-Nov-2023 3:02 PM
कल अंचल में धूमधाम से मनेगी छोटी दिवाली

गन्ने की बिक्री शुरू, बाजार में बढ़ी चहल-पहल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर।
देवउठनी यानी छोटी दिवाली अंचल में कल 23 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व में गन्ने की खास अहमितयत के चलते बाजार में इसकी बिक्री के लिए दुकानें सजकर तैयार हो गई है। वहीं पूजन सामग्रियों की दुकानें भी  सजकर तैयार है। वहीं कल गुरुवार को पर्व को लेकर  बाजार में और अधिक चहल-पहल बने रहने की संभावना है। इधर पर्व के एक दिन पहले भी बाजार में लोग सामानों की खरीदी और त्यौहार को लेकर तैयारियां शुरू कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस पर्व को दिवाली त्यौहार का छोटा रूप माना जाता है। लिहाजा छोटी दिवाली के रूप में घरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ तुलसी विवाह होगा।

माना जाता है कि देवउठनी पर्व पर भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह होता है। इस पर्व के बाद ही मांगलिक कार्य की शुरूआत होती है। साथ ही पर्व के बाद देवी-देवता नींद से जागते हैं। इसके बाद ही सामाजिक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विवाह संबंधी कार्य इसी पर्व के बाद होता है। इधर आज बाजार में पर्व के मद्देनजर काफी हलचल रही। सुबह से ही पूजा-अर्चना के सामानों की बिक्री हुई। गन्ने की भी खरीदी करने लोग पहुंचते नजर आए। गन्ना व्यापारियों का कहना है कि पर्व के चलते उन्हें अच्छी कमाई होने की उम्मीद है। इसी तरह स्थानीय जयस्तंभ चौक में फल-फूल कारोबारियों का भी व्यवसाय जोर पकडऩे लगा है। तुलसी विवाह के लिए घरों में विशेष बंदोबस्त किए गए। साथ ही अन्य देवी-देवताओं की कल गुरुवार को पूजा-अर्चना शाम को होगी। 

बताया जा रहा है कि दीपावली पर्व के बाद कल गुरुवार को देवउठनी एकादशी पर्व अंचल में धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर सहित ग्रामीण अंचल में इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का आलम है। देवउठनी पर्व के चलते बाजार में सुबह से लेकर देर शाम तक लोग पूजा सामग्रियों की खरीदी करने बाजार का रूख करेंगे। पर्व के इस मौके पर शहर सहित ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोगा पूजन सामग्रियों की खरीदी करने पहुंचने से चहल-पहल बढ़ेगी। वहीं यातायात व्यवस्था को सम्हालने जवान शहर के मानव मंदिर चौक समेत अन्य स्थानों में तैनात दिखाई देंगे। ग्रामीण  व शहरी क्षेत्र के व्यवसायी गन्ने व अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानें सजाकर बिक्री कर रहे हैं। 

शहर के चौक-चौराहों से लेकर बाजार क्षेत्र में पूजन सामग्रियों की दुकानें सजकर तैयार है, जहां लोग गन्ने की खरीदी करने पहुंच रहे हैं।  

 


अन्य पोस्ट