राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 नवंबर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों ने एक युवक को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उक्त युवक ट्रैक्टर की देखभाल करने गया था, तभी कुछ हथियारबंद नक्सली उसे उठाकर ले गए और उसे गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का कारण मुखबिरी का संदेह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मृतक युवक के मुखबिर होने से इंकार कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गढ़चिरौली जिले के लहरी गांव का रहने वाला युवक दिनेश गावड़े 32 वर्ष अपने मालिक का ट्रैक्टर लेकर पेनगुंडा गया था। उसकी देखरेख कर रहा था। इसी दौरान रात के समय कुछ हथियारबंद नक्सली उसके पास पहुंचे और उसे उठाकर अपने साथ ले गया। बाद में गांव से कुछ दूर ग्राम नेलगोंडा जाने वाले मार्ग में उसे गोली मार दी।
जिससे उसकी मौत हो गई। नक्सलियों ने मृतक के शव के पास कथित रूप से एक पर्चा भी छोड़ा है, जिसमें युवक को पुलिस का मुखबिर बताया गया है। नक्सलियों द्वारा युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम पश्चात शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस नक्सलियों की तलाश में जुटी हुई है।