राजनांदगांव
घर-आंगन में दीये और दीवारों में दिखेगी आकर्षक रोशनी, पटाखों की गूंज और बधाई देने का चलेगा सिलसिला
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 नवंबर। शहर एवं अंचल में दीपावली पर्व परंपरागत रूप से मनाया जाएगा। कल 12 नवंबर को मां लक्ष्मीजी की घरों और प्रतिष्ठानों में शुभ मुहूूर्तों में पूजा-अर्चना होगी। वहीं घरों-आंगन में दीये की रौशनी होगी। वहीं मकानों व भवनों की दीवारें झिलमिल बिजली से जगमग नजर आएगी।
इधर, बच्चों में भी पर्व को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। बच्चे अपने परिजनों के साथ पटाखों व कपड़ों की दुकानों में पहुंचने लगे हैं। इसके अलावा लोगों द्वारा पूजन सामग्रियों की खरीदी से चहल-पहल बढ़ गई है। इधर धनतेरस से पंच पर्व की शुरूआत हो गई है। लोग घरों और आंगनों में शाम के समय दीपक से रौशनी कर रहे हैं। वहीं बच्चे भी पटाखे जलाकर आनंद उठा रहे हैं। कल शुभ मुहूर्त पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी मां लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इधर धनतेरस पर्व पर शुक्रवार को शाम होते ही घर और आंगन में दीये की रौशनी की गई। वहीं कल लक्ष्मी पूजन के अवसर पर सुबह से लोग पूजन स्थल की सफाई कर पूजन की तैयारी में जुट जाएंगे। शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी जी की पूजा करेंगे और एक-दूसरे को पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देंगे। पर्व के चलते लोग कृत्रिम रौशनी से भी घरों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
दिवाली पर्व पर अंचल में उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। वहीं पटाखों को जलाने बच्चों समेत युवतियों में भी उत्साहित नजर आ रही है। पर्व को लेकर लोगों ने घरों में पूजा-अर्चना करने के लिए सामग्रियों की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। इधर अंचल में भी किसानों ने भी पर्व को लेकर पूरी तैयारी की।