राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। कांग्रेस नेता सुजीत दत्ता ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन रिकार्डतोड़ मतों से जीतने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि गिरीश पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बतौर भाजपा प्रत्याशी को शिकस्त देकर नया इतिहास बनाएंगे। इसकी वजह है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार की जननीतियों के प्रति लोगों ने गहरा विश्वास जताया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छत्तीसगढ़ी संस्कृति को जीवित करने से लेकर किसानों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्य से कांग्रेस के पक्ष में माहौल रहा। प्रदेश में अच्छे अंतर से भाजपा को परास्त कर कांग्रेस दोबारा सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पहले चरण के चुनाव में भाजपा का सुपड़ा लगभग साफ है।
श्री दत्ता ने आगे कहा कि राजनांदगांव के हर कांग्रेसी कार्यकर्ता से लेकर नेताओं ने दिन-रात मेहनत कर देवांगन के पक्ष में कार्य किया। आम लोगों के बीच सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में कार्यकर्ता कामयाब रहे। देवांगन के कठिन परिश्रम और कांग्रेस की सटीक चुनावी रणनीति की बदौलत भाजपा प्रत्याशी की हार सुनिश्चित है। भाजपा के 15 साल के कार्यकाल की तुलना में बघेल सरकार की 5 साल का शासन भारी रहा। छत्तीसगढ़ राज्य में हर तबके के लिए सरकार ने ठोस योजनाएं बनाई। नतीजतन आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत है। कोरोनाकाल जैसे विषम परिस्थितियों में भी छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति डांवाडोल नहीं हो पाई। इससे साफ जाहिर होता है कि मुख्यमंत्री बघेल ने जमीनी स्तर पर योजनाएं बनाकर हर वर्ग को लाभान्वित किया। राजनांदगांव विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री एक बड़ी हार का सामना करने जा रहे हैं।
इस चुनावी नतीजे के साथ राजनांदगांव इतिहास बनाने तैयार है।