राजनांदगांव

घोटालों की सरकार, बदलबो ए बार- रमन गौठान में खुर का निशान भी नहीं
29-Oct-2023 4:50 PM
घोटालों की सरकार, बदलबो ए बार- रमन   गौठान में खुर का निशान भी नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 अक्टूबर। राजनांदगांव विधानसभा प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के कई हिस्सों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर अपने लिए समर्थन मांगा। डॉ. सिंह शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार कर लोगों से सीधा संवाद किया और मतदाताओं से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने और फिर से भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नरवा-घुरवा-बाड़ी, एखर से ज्यादा ये सरकार कुछ नहीं जाने संगवारी।

डॉ. सिंह ने जनता को बताया कि कांग्रेस सरकार ने प्रत्येक गौठान के नाम 19 लाख रुपए खर्च किए। जबकि गौठानों में गाय तो दूर गाय के खुर का निशान तक नहीं है। इसके अलावा गोबर बेचने के नाम पर 300 करोड़ का गोबर घोटाला कर दिया गया। इसी तरह शराब, कोयला और सरकारी भर्ती में घोटाला किया गया। घोटालों वाली इस सरकार को बदलना है। कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाते डॉ. सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने विकास कार्यों को ठप कर दिया है। पांच साल समय बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव 15 साल के विकास और 5 साल के विनाश के बीच है।

बजरंगपुर नवागांव में सभा को संबोधित करते डॉ. सिंह ने अपनी सरकार के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए किए कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि नांदगांव के विधायक प्रत्याशी के रूप में उनके बीच आए हैं। डॉ. सिंह ने लोगों से अपने लिए समर्थन मांगा और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने अपील की। वहीं स्वास्थ्य योजना, आवास योजना, बेटियों की शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य तथा अपने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का बखान किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के साथ शहर के विकास के लिए किए गए कार्यों से मतदाताओं को अवगत कराया।


अन्य पोस्ट