राजनांदगांव

विकास की गारंटी लेकर पहुंचे रमन
28-Oct-2023 3:22 PM
विकास की गारंटी लेकर पहुंचे रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अक्टूबर।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के कई हिस्सों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर अपने लिए समर्थन मांगा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार कर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान डॉ. सिंह ने अपने क्षेत्र के मतदाताओं से प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।  इस मौके पर लोगों ने उनका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। 

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने संबोधित करते अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। मोहड़ में सभा को संबोधित करते डॉ. सिंह ने अपनी सरकार के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए किए कार्यों को गिनाया। मोहड़ में बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाताओं को संबोधित करते उन्होंने कहा कि नांदगांव के विधायक प्रत्याशी के रूप में उनके बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि मोहड़ सहित क्षेत्र की जनता को विकास की गारंटी देने आए हैं।  डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य योजनाएं, आवास योजनाएं, बेटियों की शिक्षा के क्षेत्र में किए गए  कार्य तथा अपने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का बखान किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के साथ शहर के विकास के लिए किए गए कार्यों से मतादाताओं को अवगत कराया। मोहड़ पहुंचे डॉ. सिंह का जगह-जगह स्वागत किया।  

सभा को संबोधित करते डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार के दौरान क्षेत्र का चहुमुंखी विकास हुआ। एनीकट,  टंकी,  बांध सडक़,  भवन  सहित विकास के समस्त कार्य कराए गए।  पिछले पांच साल से विकास के इन कार्यों पर ग्रहण लग गया है। डॉ. सिंह ने कहा कि ये चुनाव छत्तीसगढ़ के साथ राजनांदगांव का भाग्य तय करेगा। 


अन्य पोस्ट