राजनांदगांव
किसानों से होगी धान खरीदी 1 नवंबर से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर। राज्य शासन द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 नवंबर से प्रारंभ होने जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर एस जयवर्धन ने मंगलवार को धान खरीदी से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी के लिए की जा रही व्यवस्था और कमियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि 1 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहे धान खरीदी के लिए सभी तरह की व्यापक व्यवस्था 30 अक्टूबर के पूर्व कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों से धान की खरीदी सुचारू रूप से हो सके, इसके लिए हर प्रकार की व्यवस्था सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था जैसे साफ सफाई, कम्प्यूटर सिस्टम की व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, कैप कवर, सूचना पटल, तौल मशीन, शौचालय और छाया की व्यवस्थाए सभी धान खरीदी केंद्रों में अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि कहीं भी किसी भी धान खरीदी केंद्रों में किसानों से धान खरीदी के नाम पर कोई कमियां न रहे और किसी भी प्रकार की कोई शिकायत न आए, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन, धान खरीदी की रकबा की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसानों के धान खरीदी की के लिए बैंकिंग व्यवस्था सुदृढ़ होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रो में पर्याप्त मात्रा में बारदाने की व्यवस्था होनी चाहिए। किसी भी धान खरीदी केंद्रो में बारदाने के नाम पर कोई शिकायत नहीं आना चाहिए। कलेक्टर ने सख्त हिदायत देते कहा कि किसानों को धान विक्रय के लिए अनावश्यक परेशानी न हो यह सुनिश्चित करते व्यापक तैयारियां पूर्ण कर लें। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारीए नोडल अधिकारी सहकारी समिति, डीएमओ धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधक, ऑपरेटर एवं नोडल अधिकारी उपस्थित थे।