राजनांदगांव

रमन चाहते तो उद्योग से लैस होता राजनांदगांव - गिरीश
16-Oct-2023 12:15 PM
रमन चाहते तो उद्योग से लैस होता राजनांदगांव - गिरीश

  कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप: रमन ने 15 साल में सिर्फ लोगों को दिखाया सब्जबाग  

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। राजनांदगांव विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के रहते डॉ. रमन सिंह चाहते तो आज राजनांदगांव उद्योग से लैस होता। राजनांदगांव की युवा पीढ़ी से लेकर हर तबके को सिर्फ रमन सिंह ने झूठे और बेबुनियाद सपने दिखाए। नतीजतन आज स्थानीय जनता रमन सिंह को बदलने के मूड़ में आ गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोपों की झड़ी लगाते देवांगन ने कहा कि 15 साल के वक्त में रमन ने एक भी उद्योग स्थापित नहीं किया। कम से कम वह चाहते तो बीएनसी मिल को पुन: प्रारंभ कर सकते थे। राजनांदगांव पर नजर डाले तो ऐसा लगता नहीं है कि एक मुख्यमंत्री ने विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया था। 'छत्तीसगढ़'  से एक संक्षिप्त चर्चा में देवांगन ने कहा कि पार्टी के छोटे कार्यकर्ता हैं। संगठन ने आदेश देकर चुनाव मैदान में भेजा है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि उन्हें राजनीतिक रूप से डॉ. रमन सिंह के खिलाफ बलि का बकरा बनाया गया है, बल्कि यह लोकोक्ति रमन सिंह पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि सब एकजुट होकर काम करेंगे और राजनंादगांव की जनता एक बार इतिहास बनाने जा रही है। रमन सिंह को पराजित कर स्थानीय जनता एक इतिहास बनाने के साथ-साथ झूठे वायदे करने वालों को सबक सिखाएगी।


अन्य पोस्ट