राजनांदगांव

टिकट न मिलने से खफा जिपं सदस्य का भाजपा पर दुव्र्यवहार का संदेश सोशल मीडिया में फैला
10-Oct-2023 2:00 PM
टिकट न मिलने से खफा जिपं सदस्य का भाजपा पर दुव्र्यवहार का संदेश सोशल मीडिया में फैला

राजेश श्यामकर का दर्द छलका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित डोंगरगढ़ विधानसभा से टिकट से वंचित  जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर का दर्द सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। खुद को टिकट का प्रबल दावेदार मान रहे श्यामकर ने चुनावी टिकट मिलने की उम्मीद लेकर काफी तैयारी की थी। सोशल मीडिया में टिकट नहीं मिलने से खफा श्यामकर ने एक मैसेज फारवर्ड कर एक ओर क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने को लेकर दुव्र्यवहार करने का जिक्र किया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा है कि इससे उनका मन काफी दुखी है। 

श्यामकर भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य हैं। वह डोंगरगढ़ विधानसभा से टिकट के लिए जोर लगा रहे थे। पार्टी ने उनकी जगह पूर्व विधायक विनोद खांडेकर को बेहतर  प्रत्याशी मानते मैदान में उतार दिया है। श्यामकर ने क्षेत्र की जनता से यह भी कहा है कि जरूरत पडऩे पर वह हमेशा साथ होंगे। श्यामकर को लेकर पार्टी हल्के में यह भी चर्चा है कि अधिकृत प्रत्याशी की सूची जारी होने से पूर्व उन्होंने खुद को भाजपा का प्रत्याशी घोषित कर दिया था। हालांकि उनके द्वारा इस मामले को लेकर थाना में शिकायत भी की गई थी। बताया जा रहा है कि गुटीय लड़ाई में वह पिछड़ गए। खांडेकर को राजनांदगांव के पार्टी के शीर्ष नेताओंं का भी साथ मिला। बहरहाल श्यामकर का संदेश सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।  
 

 


अन्य पोस्ट