राजनांदगांव

धर्मनगरी डोंगरगढ़ के जैन मंदिर से दिनदहाड़े 4 लाख के सोने की छतरी पार
10-Oct-2023 1:59 PM
धर्मनगरी डोंगरगढ़ के जैन मंदिर से दिनदहाड़े 4 लाख के सोने की छतरी पार

गोलबाजार स्थित मंदिर में चोरी की वारदात से हडक़ंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर।
डोंगरगढ़ के जैन मंदिर में दिनदहाड़े भगवान की एक सोने की छतरी की चोरी की वारदात होने का मामला सामने आया है। भीड़भाड़ वाले गोल बाजार में स्थित जैन मंदिर में घटना से हडक़ंप मच गया। अज्ञात चोर दिन में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से डोंगरगढ़ थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार 8 अक्टूबर की शाम को मंदिर में स्थित भगवान नेमीनाथ जी का दर्शन करने के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु की नजर सोने की छतरी पर पड़ी। जिसमें श्रद्धालु ने देखा सोने की छतरी गायब थी। चोरी की वारदात की खबर से अफरा-तफरी मच गई। तकरीबन 150 ग्राम सोने की छतरी की चोरी होने की खबर जंगल में आग लगने की तरह फैल गई। मंदिर में ट्रस्ट के सदस्य और अन्य लोग पहुंचे। अध्यक्ष अनिल जैन ने इस मामले में डोंगरगढ़ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया। 

बताया जा रहा है कि छतरी की कीमत लगभग 4 लाख रुपए है। घटना के दिन साफ-सफाई करने वाली एक महिला दोपहर तक मंदिर में मौजूद थी। उसके बाद वह खाना खाने घर चली गई। सुबह से दोपहर तक भगवान की छतरी मौजूद थी। शाम को छतरी गायब नजर आई। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में मंदिर के सचिव यतीश जैन ने चोरी होने की पुष्टि की है।
 


अन्य पोस्ट