राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर। राजनांदगांव शहर के वार्ड नंबर 34 कन्हारपुरी अंतर्गत स्थित लगभग 29 एकड़ रिक्त भूमि जो चारागाह हेतु संरक्षित है और शासकीय अभिलेखों में लगभग 135 किसानों के नाम पर दर्ज है, उस निजी भूमि को नगर निगम द्वारा विभिन्न शासकीय योजना के लिए सुनियोजित राजनैतिक षड्यंत्र के तहत अधिग्रहण किया जा रहा है।
उक्त आरोप लगाते पूर्व सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कन्हारपुरी वार्ड नंबर 34, पटवारी हल्का नंबर 51 अंतर्गत स्थित इस सम्मिलात की चारागाह भूमि को नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई के तहत चोरी-छुपे अधिग्रहण किए जाने की कार्रवाई पर प्रश्न चिन्ह लगाया है।
पूर्व सांसद श्री यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासन में कन्हारपुरी में पत्रकार कॉलोनी बसाने का विरोध करने वाले कांग्रेसी अब उसी स्थान पर विभिन्न शासकीय निर्माण करवाते नजर आ रहे हैं। स्वयं को भरोसे की सरकार का तमगा देकर अपनी पीठ थपथपाने वाली कांग्रेस पार्टी ने वार्डवासियों को भरोसे में लिए बिना ही चुपचाप अवैध तरीके से इतनी बड़ी एक तरफा कार्रवाई कर दी। जिससे वार्डवासी हतप्रब्ध हैं और स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते कहा कि इस प्रकरण में आज पर्यंत कन्हारपुरी के वार्डवासियों को समुचित न्याय एवं आश्वासन के अभाव में संघर्ष के लिए एकजुट होते देखा जा सकता है।
जिससे भविष्य में विस्फोटक स्थिति निर्मित होगी और जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।