राजनांदगांव

आज से 7 राज्यों के खिलाड़ी सुबह से दिखाएंगे जौहर
08-Oct-2023 8:56 PM
आज से 7 राज्यों के खिलाड़ी सुबह से दिखाएंगे जौहर

16 अक्टूबर को होगा फाईनल मैच, खिलाडिय़ों के आने का क्रम शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। हॉकी इंडिया द्वारा संचालित और मेजबान हॉकी छत्तीसगढ़ व जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में कल 9 अक्टूबर से आयोजित होने वाली 7 प्रदेशों के सब जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के तहत वेस्ट जोन के मैच खेले जाएंगे।  जिसकी तैयारियों को लेकर आयोजन समिति जुटे हुए हैं। वहीं टीमो का आना भी प्रारंभ हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी एस्ट्रोटर्फ  मैदान में सब जूनियर बालक/बालिकाओं की हॉकी प्रतियोगिता सोमवार 9 से 16 अक्टूबर तक आयोजित है।

आयोजन समिति के अनुसार  इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, दादर एवं नगर हवेली दमन एवं डीयू हॉकी, गोवा हॉकी के साथ ही मेजबान छत्तीसगढ़ के प्रतिभागी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन में हॉकी इंडिया के तकनीकी समिति के साथ ही चयनकर्ता भी खिलाडिय़ों का चयन करेंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों के बीच कार्य विभाजन करते सभी से नगर की गौरवमयी परंपरा का ध्यान रखते सहायोग की अपेक्षा की गई है। आयोजन को भव्य रूप प्रदान करने हॉकी इंडिया के ब्रककास्ट सदस्यों की टीम के अलावा स्टेडियम को सजाने-संवारने उड़ीसा से स्पेशल टीम आई है, जो दिन-रात एक कर स्टेडियम को भव्याता प्रदान करने में लगी हुई है।

बालक-बालिकाओं का रोजाना होगा 3-3 मैच

प्रतियोगिता के तहत भाग लेने वाली टीमों का नगर में आना प्रारंभ हो गया है। इन टीमों के शहर में पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। हॉकी इंडिया द्वारा जारी मैच कार्यक्रम के तहत  बालक और बालिकाओं के अलग-अलग पुल बनाकर स्पर्धा 9 से 15  अक्टूबर तक लीग राउंड के मैच खेले जाएंगे।  प्रतियोगिता का फाईनल 16 अक्टूबर को आयोजित है। प्रतियोगिता के दौरान बालिका वर्ग के मैच सुबह 6.30 से 11.30 बजे तक लगातार तीन मैच प्रति दिन खेले जाएंगे। वहीं बालक वर्ग के लीग राउंड के मैच 11.45 बजे से संध्या तक 3 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के बालक बालिका वर्ग में पुल में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के मध्य फाईनल मैच 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।

एशिया कप जीतने पर हॉकी नर्सरी में उत्साह

हूगूजू चाईना में खेली गई एशियन खेलकूद प्रतियोगिता के तहत हॉकी के कल संपन्न हुए फाईनल मुकाबले में भारतीय टीम के खिलाडिय़ों  द्वारा शानदार खेल का प्रदर्शन करते जापान को एकतरफा खेले गए फाईनल मैच में जापान को 1 के मुकाबले 5 गोल से पराजित करते स्वर्ण पदक पर कब्जा करने पर हॉकी नर्सरी के हॉकी खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों में भी काफी उत्साह देखा गया। सभी ने भारतीय टीम के खिलाडिय़ों सहित कोच मैनेजर व अधिकारियों को भी बधाई दी।  ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी व महासचिव मनीष श्रीवास्तव हॉकी इंडिया के प्रतिनिधि बनकर चाईना में टीम के शामिल हैं।


अन्य पोस्ट