राजनांदगांव

नॉन मैनेजर पर कर्मचारियों का बुरा बर्ताव और नियम विरूद्ध काम कराने का आरोप
07-Oct-2023 3:28 PM
नॉन मैनेजर पर कर्मचारियों का बुरा बर्ताव और नियम विरूद्ध काम कराने का आरोप

कर्मियों ने मोर्चा खोलने के साथ अन्यत्र पदस्थ करने दिया 5 दिन का अल्टीमेटम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर।
नागरिक आपूर्ति निगम के स्थानीय प्रबंधक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते कर्मचारियों ने अन्यत्र पदस्थ करने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर स्थानीय कर्मचारियों ने जल्द से जल्द मैनेजर को दीगर स्थान में पदस्थ करने की मांग रखी है। वहीं 5 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। 

बताया जा रहा है कि नागरिक आपूर्ति निगम के मैनेजर द्वारा कर्मचारियों के साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, बल्कि उनसे नियम विरूद्ध कार्य भी कराया जा रहा है। पीडीएस और फील्ड के कार्य के संबंध में जानबूझकर परेशानी मैनेजर द्वारा खड़ी की जा रही है। आखिरकार अब मामला कर्मचारियों के यूनियन तक पहुंच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डीएल चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री अमृतांशु शुक्ला के नेतृत्व में नागरिक आपूर्ति निगम के मुख्य प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर राजनांदगांव जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल के रवैये को लेकर  शिकायत की गई है। जिसमें बताया गया है कि विद्यासागर गोपाल कर्मचारियों के साथ दुव्र्यवहार कर रहे हैं। नियम से परे जाकर कार्य करने के लिए भी दबाव बना रहे हैं। इससे कर्मचारियों में काफी नाराजगी है। यहां तक आकस्मिक कर्मचारियों को नौकरी से निकालने और नियमित कर्मचारियों को गोपनीय प्रतिवेदन खराब करने के लिए भी धमकी दी जा रही है। 

प्रबंधक द्वारा कर्मचारियों को एकही कार्य को कई दफे कराया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। केंद्र प्रभारियों से भी विद्यासागर गोपाल द्वारा अशोभनीय व्यवहार किया जा रहा है। यही कारण है कि कर्मचारी संघ द्वारा मुख्य प्रबंधन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं 5 दिन के भीतर मांग पर कार्रवाई नहीं करने की स्थिति में कर्मियों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।  
 


अन्य पोस्ट