राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 13 सितंबर। ग्राम मानपुर नाका में करंट की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है।
मृत महिला के पति का कहना है कि सुबह लगभग 7 बजे उसकी पत्नी खाना बनाने के बाद निकलने वाले वेस्ट पानी को फेंकने घर के सामने स्थित नार वाले पौधों के पास गई थी, जहां बिजली खंभे से घर के लिए आया एक तार कटकर गिरा हुआ था, उसकी चपेट में आ गई। महिला करंट की चपेट में आने से वहीं पर गिर गई। महिला के गिरने पर बच्चों ने अपने पिता को आवाज लगाया। इसके बाद आनन-फानन में बांस के सहारे करंट वाले तार को बिजली खंभे से हटाया गया और महिला को गंडई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना में श्रीमती कृष्णाबाई सूर्यवंशी 45 वर्ष पति भगवानदास सूर्यवंशी की मृत्यु हो गई। उक्त मृत महिला की 5 बेटियां हैं। परिवार खेती-किसानी से अपना भरण-पोषण करता है। अचानक हुए इस घटना से परिवार सदमे में है।