राजनांदगांव

गोधन न्याय योजना से जिले के गौपालक हो रहे आर्थिक रूप से सशक्त
12-Sep-2023 3:04 PM
गोधन न्याय योजना से जिले के गौपालक हो रहे आर्थिक रूप से सशक्त

 जिले में अब तक 18625 गोबर विक्रेताओं को 13.68 करोड़ का भुगतान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 सितंबर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना से जिले के गौपालक आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। गौपालक अपनी आवश्यक जरूरतों की पूर्ति एवं अपना व्यवसाय बढ़ा रहे हैं। राज्य शासन द्वारा गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में 2 रूपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी कर रही है।

छत्तीसगढ़ के गौपालक द्वारा गोबर बेचकर अच्छी कमाई लगातार जारी है। शासन की गोधन न्याय योजना के जरिये गोबर बिक्री करने वालों की कमाई बढ़ती जा रही है। योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है, लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और उनके जीवन में खुशहाली आई है। यह योजना पशुपालकों के लिए अतिरिक्त आय प्राप्त करने का जरिया बना है। साथ ही स्वसहायता समूह की महिलाओं को विशेष रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजनांदगांव जिले के प्रवास के दौरान पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में 4 गौपालकों का सर्वाधिक गोबर बेचने  शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया है। जिले के डोंगरगांव विकासखंड के झींका के गौपालक दिनेश कुमार यादव ने बताया कि गोधन न्याय योजना के तहत 2 लाख 62 हजार रुपए का गोबर बिक्री कर अतिरिक्त आय अर्जित किया है। जिससे उन्होंने परिवार की खेती को बढ़ाने जमीन खरीदी है। इसी तरह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बघेरा के गौपालक मोतीराम यादव ने 2 लाख 32 हजार रुपए का गोबर बिक्री कर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त की है। मोतीराम ने बताया कि गोबर बिक्री से प्राप्त राशि से अपनी बेटी और बेटे की शादी की है।

छुरिया विकासखंड के ग्राम आको के गोपालक कुंवर सिंह यादव ने 1 लाख 64 हजार रुपए का गोबर विक्रय कर आमदनी प्राप्त किया है। जिससे वे अपना व्यवसाय बढ़ाने भैंस खरीदी है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम धीरी की केवराबाई यादव ने बताया कि 84 हजार रुपए का गोबर बिक्री की है और व्यवसाय को बढ़ाने के लिए मवेशी खरीदी है।

उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 18 हजार 625 गोबर विक्रेताओं द्वारा 6 लाख 84 हजार 203 क्ंिवटल गोबर बिक्री की गई और गोबर विक्रेताओं को 13 करोड़ 68 लाख 40 हजार रूपए का भुगतान किया जा चुका है।


अन्य पोस्ट