राजनांदगांव

320 रु. किलो पहुंचा धनिया का भाव, हरी मिर्च भी डेढ़ सौ पार
12-Jul-2023 4:04 PM
320 रु. किलो पहुंचा धनिया का भाव, हरी मिर्च भी डेढ़ सौ पार

महंगी सब्जियों ने लोगों का निकाला दम, थाली से कई सब्जी गायब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जुलाई।
महंगी सब्जियों से लोगों का बजट बिगड़ गया है। किफायती तरीके से किचन सम्हालने वाली गृहणियां सब्जी के बढ़ते दाम से काफी परेशान है। टमाटर के दाम जहां 100 रुपए से कम नहीं उतर रहा, वहीं अब धनिया पत्ती की कीमतें भी आसमान तक पहुंच गई है। 

स्थानीय बाजार में बुधवार को धनिया पत्ती की कीमत 320 रुपए किलो रही। धनिया पत्ती की कीमत सुनकर लोगों के होश उड़ गए हैं। हरी मिर्च भी महंगे दाम की सूची में शामिल हो गया है। हरी मिर्च लगभग 150 से 180 रुपए किलो के भाव तक चला गया है। लोगों के लिए सस्ती सब्जियां पुरानी बात की तर्ज पर रह गई है। औसतन हर सब्जी  30 से 40 रुपए प्रतिपाव तक पहुंच गया है। बरबट्टी और करेला लगभग 80-90 रुपए किलो पहुंच गया है। कद्दू और लौकी की कीमतें भी दूसरी सब्जियों की तरह बढ़ते क्रम में है। आलू और प्याज का दाम भी धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। प्याज 25 रुपए प्रतिकिलो तक बेचा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि लोकल बाडिय़ों की आवक कम होने से सब्जियों के दाम अचानक उछाल आया है। 
बाजार में मौसमी सब्जियों की आवक अभी नाममात्र है। दीगर प्रांतों से पहुंची सब्जियां ही काफी महंगे दर पर बिक रही है। इस बीच किचन में सब्जियां गिनती की ही पहुंच रही है।  इसका असर सीधे थाली पर पड़ रहा है। थालियों से कई सब्जियां गायब हो गई है। 

हरी चटनी का स्वाद भी महंगाई के कारण थाली से नदारद है। हरी मिर्च और धनिया पत्ती बेभाव तरीके से बिक रही है। यही कारण है कि लोगों को हरी चटनी खाने के लिए भी लोगों को सोंचना पड़ रहा है। फिलहाल फुटकर सब्जी बाजार में हर तरकारी के दाम बढ़े हुए हैं। टमाटर की कीमतें घटने का नाम नहीं ले रही है। वहीं दूसरी सब्जियों के दाम भी छलांग लगा रहा है।


अन्य पोस्ट