राजनांदगांव

जिले के 27 आधार सेवा केन्द्रों में होगा आधार अपडेशन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 जून। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ाये जा रहे हंै। जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए 22 जून को महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन में जनसामान्य के स्वास्थ्य का जतन करते जिले में आयुष्मान कार्ड बनवाने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिले में जनसामान्य को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने की दिशा में कदम बढ़ाये गये हैं। 22 जून को राशन दुकानों में आयुष्मान कार्ड बनाये जाएंगे। कलेक्टर डोमन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि सभी नागरिक अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी राशन दुकान में ई-केवाईसी करवाकर अपना राशन कार्ड अपडेट करवा सकते हैं और इसके साथ ही आधार सेवा केन्द्र में जाकर अपना आधार अपडेट जरूर करवाएं, ताकि आसानी से आयुष्मान कार्ड बन सकें।
जिले के 27 आधार सेवा केन्द्रों मेंं आधार अपडेशन का कार्य किया जा रहा है। ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि आधार सेवा केन्द्र में 50 नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनेगा। 20 जून को आधार अपडेशन का कार्य किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान कार्ड बनाने दो बार महाअभियान चलाया गया है, लेकिन ज्यादातर नागरिकों के आयुष्मान कार्ड इसलिए नहीं बन पा रहे हंै, क्योंकि आधार अपडेशन नहीं है। शासन द्वारा संचालित समस्त आधार केन्द्रों में नगर निगम तथा ग्राम पंचायतों में संचालित 27 आधार केन्द्रों में विशेष अभियान के तहत सुबह 8 से रात्रि 8 बजे बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। सामान्य दिनों में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पंजीयन का कार्य होगा और आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य सतत जारी रहेगा। आधार सेवा केन्द्रों में भीड़ की स्थिति न हो इसके लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नागरिकों का पंजीयन किया जाएगा।
महाअभियान के लिए सुबह 8 से रात 8 बजे तक पंजीयन किया जाएगा।