राजनांदगांव

खैरागढ़ के सलगापाट की घटना
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जून। खैरागढ़ जिले के एक गांव में प्रेमी जोड़े के खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। प्रेमी जोड़ा खेत में स्थित एक पेड़ में फांसी के फंदे में एक साथ झूल गया।
मिली जानकारी के मुताबिक 20 साल के नारद यादव की बहन का सलगापाठ में स्थित मृतिका पिंकी यादव के परिवार में विवाह हुआ था। तब से दोनों की जान-पहचान हुई। इस बीच दोनों प्रेम के रिश्ते में बंध गए। मिली जानकरी के मुताबिक नारद शुक्रवार को अपनी बहन के ससुराल गया हुआ था। इसी रात को अपनी प्रेमिका पिंकी यादव के साथ तेलीखपरी गांव के किसान शेखूराम साहू के खेत में फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया जा रहा है कि राहगीरों ने प्रेमी जोड़े के शव को दूसरे दिन फंदे में लटकते देखा और उसके बाद पुलिस को सूचना दी। मामले की खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पुलिस को कीटनाशक दवाईयों की शीशी भी मिली है। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों ने जहर पीने के बाद उल्टी भी की थी। फांसी लगाने से पहले प्रेमी जोड़े ने जहर का सेवन किया। बताया जा रहा है कि बीते तीन साल से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। विवाह करने में कुछ घरेलू समस्याएं आड़े आ रही थी। जिसके चलते दोनों ने अपना जीवन खत्म करने का फैसला लिया। खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।