राजनांदगांव

रेकी कर कलेक्शन एजेंट से लूटे 10 लाख को शराब-जुएं में उड़ाया
08-Jun-2023 12:06 PM
रेकी कर कलेक्शन एजेंट से लूटे 10 लाख को शराब-जुएं में उड़ाया

    कांकेतरा क्षेत्र से हुए लूटपाट का पर्दाफाश   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून।
खैरागढ़ जाने वाले मार्ग में स्थित कांकेतरा के पास एक कलेक्शन एजेंट से 10 लाख रुपए की लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पुलिस की सपड़ में आ गए हैं। चार आरोपियों में बकायदा रेकी कर कलेक्शन एजेंट के पास रखे नोटों से भरे बैग को छीन लिया। इस घटना की खबर से पुलिस हरकत में आते ही आरोपियों की धरपकड़ का अभियान चलाया। आखिरकार चार आरोपी वारदात में शामिल होने के आरोप में पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

बुधवार को पत्रकारवार्ता में एएसपी लखन पटले और सीएसपी अमित पटेल ने बताया कि 24 मई की शाम को खैरागढ़ से व्यवसायियों से कलेक्शन की रकम लेकर लौट रहे निखिल भोजानी के साथ कांकेतरा में लूटपाट की घटना हुई। लूटपाट के शिकार कलेक्शन एजेंट ने तत्काल सागर ट्रेडर्स के संचालक को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने वारदात की खबर के बाद जांच शुरू की। जांच में पता चला कि स्थानीय शांतिनगर के रहने वाला आसिफ खान ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात की। कड़ी पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी आसिफ खान ने बताया कि रायपुर के रहने वाले दो युवक नवाब खान और शोहेब सिद्दीकी समेत स्थानीय शंकरपुर का रहने वाला गणेश देवांगन के साथ घटना को अंजाम दिया। 

पुलिस ने बताया कि  करीब दो सप्ताह तक लूट के इरादे से कलेक्शन एजेंट की आवाजाही पर सबकी नजर थी। 24 मई को जब  निखिल भोजानी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के व्यापारियों से वसूली कर लौट रहा था, उस दौरान कांकेतरा मोड़ पर लघुशंका के लिए रूका। ठीक पीछे आ रहे सभी आरोपियों ने मोटर साइकिल में रखे बैग को छीन लिया और वहां से रफूचक्कर हो गए। बैग में   लगभग 9 लाख रुपए से अधिक रकम थी। वारदात के बाद रकम को आरोपियों ने आपस में बांट लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शराब और जुएं में लूट की रकम को उड़ा दिया। आरोपियों के पास से पुलिस को लूट की रकम में से 3 लाख रुपए बरामद करने में सफलता मिली।


अन्य पोस्ट