राजनांदगांव

तस्करों से डेढ़ दर्जन मवेशी बरामद
02-Jun-2023 12:34 PM
तस्करों से डेढ़ दर्जन मवेशी बरामद

मवेशियों को कत्लखाना ले जाते दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जून।
डोंगरगढ़ पुलिस ने डेढ़ दर्जन मवेशियों को कत्लखाना ले जाने के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा। बीती रात डोंगरगढ़ पुलिस को एक वाहन में महाराष्ट्र की ओर मवेशियों को ले जाने की खबर मिली थी। थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने वाहन को रोका। जिसमें 18 जीवित मवेशी मिले। पुलिस ने दो युवक को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गुजरी रात लगभग डेढ़ बजे के आसपास ढ़ारा की ओर से डोंगरगढ़ के रास्ते एक वाहन क्रमांक सीजी-08-एटी-2734  में मवेशियों को अवैध तरीके से ले जाने की खबर मिलते ही अछोली तिराहे में नाकाबंदी कर वाहन को रोका। थाना प्रभारी एमन साहू की अगुवाई में जांच के दौरान वाहन से 18 मवेशी मिले। साथ ही मवेशियों के ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने घनश्याम अंबादे और आबिद खान नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी मवेशियों को महाराष्ट्र के कत्लखाना ले जा रहे थे। दोनों के विरूद्ध पशुक्रूरता अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट