राजनांदगांव

भाजपा जिपं सदस्य के बेटे पर अवैध मुरूम उत्खनन का आरोप
21-May-2023 3:36 PM
भाजपा जिपं सदस्य के बेटे पर अवैध मुरूम उत्खनन का आरोप

 पूर्व जिपं सदस्य कांति बंजारे और पीडि़त किसान ने आंदोलन की दी धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 मई। भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अशोक देवांगन के बेटे पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कांति बंजारे  ने अफसरों की शह पर अवैध मुरूम उत्खनन करने का आरोप लगाया है। साथ ही उचित कार्रवाई नहीं होने पर श्रीमती बंजारे ने किसान को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है।

पीडि़त किसान का दावा है कि बिना जानकारी के उसके खेत से राजनीतिक प्रभाव के जरिये जिला पंचायत  सदस्य देवांगन का सुपुत्र अपने साथी के साथ खुलेआम अवैध तरीके से मुरूम का खनन कर रहा है।

एक पत्रकारवार्ता में श्रीमती बंजारे ने आरोप लगया कि हेमंत बंजारे नामक किसान के 5 एकड़ खेत में मुरूम का धड़ल्ले से अवैध खुदाई जिला पंचायत सदस्य  के सुपुत्र द्वारा किया जा रहा है। सुपुत्र कुंदन देवांगन अपने एक साथी गुड्डू देवांगन के साथ मिलकर खेत से मुरूम की खुदाई कर रहा है। इसकी शिकायत प्रशासन से कई बार की गई।

 खनिज विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शिकायकर्ता किसान को वापस लौटा दिया। इसके बाद लगातार अवैध उत्खनन के खिलाफ कांति बंजारे ने आवाज उठाई। श्रीमती बंजारे का कहना है कि जिला पंचायत सदस्य अशोक देवांगन और उसके बेटे कुंदन देवांगन लगातार सरकार की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। अवैध मुरूम उत्खनन का कार्य करने से पहले किसान की सहमति भी नहीं ली गई।

श्रीमती बंजारे का कहना है कि पीडि़त किसान को जिला पंचायत सदस्य अशोक देवांगन, कुंदन देवांगन और गुड्डू देवांगन द्वारा देख लेने की धमकी भी दी गई है। शिकायत वापस नहीं लेने पर सबक सिखाने की चेतावनी दी गई। इस बीच श्रीमती बंजारे ने आरोप लगाया है कि अवैध मुरूम उत्खनन में प्रशासन भी लिप्त है।

यही कारण है कि प्रशासनिक अधिकारी सरकार की छवि को दागदार कर रहे हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। कार्रवाई नहीं होने की सूरत में न्याय के लिए धरना प्रदर्शन की भी श्रीमती बंजारे ने चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट