राजनांदगांव

प्रदेश सरकार ने किया किसानों का चौमुखी विकास-यादव
20-May-2023 12:08 PM
प्रदेश सरकार ने किया किसानों का चौमुखी विकास-यादव

  किसान चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश प्रभारी यादव हुए शामिल  

राजनांदगांव, 20 मई। जिला सहकारी बैंक द्वारा किसानों को गन्ने की खेती से जोडऩे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ विधानसभा के बेलगांव में शुक्रवार को किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इस किसान चौपाल कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी डॉप्त चंदन यादव भी शामिल हुए। इस दौरान श्री यादव ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने किसानों का चौमुखी विकास किया है। किसानों को उनकी उपज का सही दाम देने का काम किया गया है। इस दौरान जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज ने गन्ने की खेती को अपनाने औउ उसके फायदे के बारे में चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव सहित मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में लगातार किसान चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। बेलगांव में शुक्रवार को आयोजित किसान चौपाल में भी बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों को गन्ने की खेती के बारे में भी जानकारी दी गई। वहीं इसको लेकर होने वाले लाभ के बारे में भी बताया। बेलगांव की किसान चौपाल में प्रदेश प्रभारी चंदन यादव के साथ बैंक अध्यक्ष नवाज खान, स्थानीय विधायक भुनेश्वर बघेल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अरुण सिसोदिया, धनेश पटिला, भोलाराम साहू, नरेश शुक्ला, गिरीश सोनवानी, कांति भंडारी, अंजली घावड़े, चंद्रकला चौरे, मिथलेश ठाकुर, हीरा भंडारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

गन्ने से तौला गया
डोंगरगढ़ के बेलगांव पहुंचे प्रदेश प्रभारी चंदन यादव का जोरदार स्वागत किया गया। नवाज के नेतृत्व में अंचल के किसानों ने श्री यादव को गन्ने से तौला भी। इसके बाद भोज का भी आयोजन किया गया था। जिसमें चंदन यादव द्वारा किसानों को पहले भोजन परोसा गया। इसके बाद उनके साथ ही बैठकर चंदन यादव, नवाज खान व अन्य जनप्रतिनिधियों ने किसानों के साथ भोजन भी किया। किसान भोज में दो हजार से अधिक किसान शामिल हुए।

पूरे देश में छत्तीसगढ़ की चर्चा-चंदन
करीब दो दर्जन गांव से पहुंचे किसानों को संबोधित करते कांग्रेस प्रदेश प्रभारी श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के लिए काम कर रही है। किसानों का हित ही प्राथमिकता रहा है। इसके साथ ही उन्होंने भूपेश सरकार की तारीफ  करते कहा कि पूरे देश में धान की सबसे अधिक कीमत देने का काम छत्तीसगढ़ में हो रहा है। जिसकी पूरे देश में चर्चा भी है। इस निर्णय से किसान सहित प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।

किसानों ने दी सहमति
चौपाल के दौरान ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी चंदन यादव की उपस्थिति में बड़ी संख्या में किसानों ने गन्ने की खेती अपनाने की सहमति भी दी। इसमें रीवागहन के प्रहलाद वर्मा, कोलेंद्रा के सत्यनरायण वर्मा, ठाकुरटोला के घनाराम चंद्रवंशी, बेलगांव के वरुण साहू, सुखीराम लहरे, डुरम कवर, रामनारायण, फिरंगीराम, योधनदास साहू, लता साहू, नम्मूराम चंद्रवंशी, फुलु वर्मा, पितांबर सहित अन्य शामिल रहे।

किसानों ने कहा : सरकार कर रही बेहतर काम
प्रदेश प्रभारी ने किसान चौपाल के दौरान किसानों से भी चर्चा की। इस दौरान किसानों ने प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर कहा कि किसानों को लेकर बीते चार साल में बहुत से काम किए गए हैं। धान का दाम बढ़ाने से लेकर खरीदी की लिमिट बढ़ाने, ऑनलाईन टोकन देने की शुरूआत करना सहित अन्य निर्णय किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है।


अन्य पोस्ट