राजनांदगांव

दक्षिण भारत के बड़े सूबे में मिली जीत को बताया मोदी-शाह की अहंकार का जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई। दक्षिण भारत के बड़े सूबों में एक कर्नाटक में कांग्रेस की शानदार जीत से कांग्रेसी नेताओं के चेहरे खिल गए हैं। अरसे बाद कांग्रेसियों को मिली एक बड़ी राजनीति सफलता से जश्न मनाने का मौका मिला। ‘छत्तीसगढ़’ से जीत को लेकर प्रतिक्रिया में कांग्रेसी नेताओं ने कर्नाटक की जीत को मोदी-शाह की अहंकार का करारा जवाब बताया।
भारत जोड़ो यात्रा से कर्नाटक में मिली सफलता-नवाज
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि कांग्रेस की यह जीत राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा का परिणाम है। भ्रष्टाचारी और कमीशनखोर भाजपा सरकार को कर्नाटक की जनता ने उखाड़ दिया। कर्नाटक में किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने चुनावी जंग में बाजी मारी। इस जीत से स्पष्ट संदेश गया है कि अब भारत जुडऩे लगा है। जिस तरह मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया है, उससे देश की जनता त्रस्त है। भारत जोड़ो यात्रा से जीत का मार्ग प्रशस्त हुआ। यह जीत छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी नजर आएगी। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी के बदौलत राज करने की भाजपा की मंशा का जवाब देते हुए कर्नाटक की जनता ने देश को जीत और भाजपा को पराजित किया।
निश्चित रूप से होगी हमारी जीत-हेमा
महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि हमारी सरकार कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ आ रही है। राहुल की मेहनत और सत्य के साथ चल रही है कांग्रेस इसलिए आज हम आगे बढ़ते चले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी हमारी सरकार अपने कार्यों पर जीती है और आगे भी जीतेगी। कर्नाटक में भी यही घटना हो रही है। लोग भ्रष्टाचारी का साथ छोड़ ईमानदारी व्यक्ति के साथ चल रहे हैं और निश्चित रूप से हमारी जीत होगी। हम सब मिलकर आज शाम 5 बजे महावीर चौक में उत्सव मनाएंगे। जनता बहुत जागरूक हो गई है। भगवान बजरंगबली आस्था के प्रतीक हैं और सभी के हैं। लेकिन भगवान को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की जो इनकी आदत है वो कर्नाटक की जनता समझ गई।
शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि कर्नाटक की जीत से मोदी के षडयंत्र का पर्दाफाश हुआ है। सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर कर्नाटक में सत्ता हथियाने की कोशिश को जनता ने नाकाम कर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े की हत्या की साजिश का जवाब देते हुए जनता ने भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया।
विभाजनकारी ताकतों को करारा जवाब- मुदलियार
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि कर्नाटक की जीत विभाजनकारी व साम्प्रदायिक ताकतों के लिए करारा जवाब है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा ने जीत के द्वार खोल दिए। इस जीत का अलख मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में आगामी 6 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में बरकरार रहेगा। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की दोबारा ताजपोशी होगी।
धर्म की राजनीति व भ्रष्टाचारी को जनता नकार रही-हफीज
छग राज्य अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष हफीज खान ने कहा कि निश्चित ही कर्नाटक में कांग्रेस के छोटे से छोटे कार्यकर्ता जो बूथ में रहकर कार्य किए हों और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका और सोनिया के साथ कर्नाटक के जितने भी कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है। जिसका परिणाम आज इस देश में देखने को मिल रहा है। अभी परिणाम आना बाकी है, यदि कांग्रेस जीतती है तो ये देश में इस बात का स्पष्ट जनादेश कहलाया जाएगा कि जो लोग धर्म की राजनीति, भ्रष्टाचारी व इस देश को तोडऩे की कोशिश करते हैं ऐसे लोगों को जनता नकार दी गई है।
भारत जोड़ो यात्रा ने भाजपा को कर्नाटक में बेदखल किया-खंडेलवाल
राजगामी संपदा सदस्य रमेश खंडेलवाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक की जनता की मूल भावनाओं से जुड़ी हुई यात्रा थी। इस यात्रा में राहुल गांधी ने स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा। जबकि मोदी सरकार अपनी योजनाओं पर सिर्फ वाहवाही लूटने का काम करती रही। कर्नाटक की बेहद समझदार जनता ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी जुमलों को अस्वीकार कर कांग्रेस के सिर जीत का ताज पहनाया। उन्होंने कहा कि हमारे आराध्य बजरंगबली के नाम पर भाजपा ने वोट मांगे, जिसे जनता ने चुनावी चाल जानकर भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया।