राजनांदगांव

गोंदिया-बरौनी 10 घंटा देरी से पहुंची
26-Apr-2023 1:55 PM
गोंदिया-बरौनी 10 घंटा देरी से पहुंची

मुसाफिरों को  इंतजार में  रात गुजारना पड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अप्रैल।
गोंदिया-बरौनी डाउन दिशा की एक्सप्रेस ट्रेन राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में अपने तय समय से तकरीबन 10 घंटा देरी से रवाना हुई। गोंदिया से बरौनी जाने वाले मुसाफिरों के लिए गुजरी रात भारी पड़ी। स्टेशन में ही यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में रात गुजारना पड़ा। 

बताया जा रहा है कि अप दिशा से ही यह ट्रेन घंटो देरी से गोंदिया पहुंची। इसके बाद बुधवार सुबह 6 बजे गोंदिया से रवाना होकर लगभग 8 बजे राजनांदगांव स्टेशन पहुंची। बरौनी एक्सप्रेस महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अलग शहरों से होकर चलती है। उत्तर भारत विशेषकर बनारस, इलाहाबाद और छपरा के रहने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन एक ठोस विकल्प है। पिछले कुछ बरसों से रेल्वे ने विभिन्न रेल खंडों में तीसरी-चौथी लाईन बिछाने का काम शुरू किया है। इसके चलते अक्सर बरौनी की एक्सप्रेस घंटो देरी से आवाजाही हो रही है। 

मंगलवार को निर्धारित समय 10.30 बजे के बजाय बुधवार को सुबह 8 बजे स्थानीय स्टेशन में पहुंची। ट्रेन में सवार हुए मुसाफिरों को स्टेशन परिसर में ही रतजगा करना पड़ा। राजनांदगांव के अलावा दूरदराज से पहुंचे मुसाफिरों की टे्रन के इंतजार में नींद हराम हो गई। गोंदिया से बरौनी एक्सप्रेस ज्यादातर समय में यात्रियों से खचाखच भरी रहती है। यही कारण है कि स्थानीय स्टेशन में सैकड़ों यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में पूरी रात जागते हुए गुजारनी पड़ी।


अन्य पोस्ट